भारत की प्रमुख एयरलाइंस भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की आवाजाही बनाए रखने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था कर रही हैं. इसी क्रम में Air India और Air India Express ने पश्चिम एशिया के शहरों के लिए अतिरिक्त उड़ानें चलाने का फैसला किया है, ताकि यात्रा बाधित होने की स्थिति में यात्रियों को राहत मिल सके.
60 उड़ानें संचालित करेंगी
एयरलाइंस के बयान के अनुसार दोनों कंपनियां मिलकर पश्चिम एशिया के शहरों के लिए कुल 60 उड़ानें संचालित करेंगी. इनमें 32 विशेष नॉन शेड्यूल्ड यानी एड हॉक उड़ानें भी शामिल हैं, जो भारत के अलग अलग शहरों और संयुक्त अरब अमीरात के बीच संचालित की जाएंगी.
यूएई के कई शहरों से कनेक्टिविटी
इन 32 विशेष उड़ानों के जरिए भारत के शहरों को यूएई के प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा.
इनमें शामिल हैं
- दुबई
- अबू धाबी
- शारजाह
- रास अल खैमाह
एयरलाइन के मुताबिक ये उड़ानें 10 मार्च 2026 को संचालित की जाएंगी, हालांकि इनके संचालन पर संबंधित हवाई अड्डों पर स्लॉट की उपलब्धता और अन्य परिस्थितियों का असर पड़ सकता है.
जेद्दा और मस्कट के लिए भी कई उड़ानें
मंगलवार को Air India और Air India Express मिलकर जेद्दा के लिए कुल 14 उड़ानें संचालित करेंगी. वहीं Air India Express मस्कट के लिए भी 14 उड़ानें संचालित करेगी.
अन्य एयरलाइंस ने भी किए बदलाव
मौजूदा स्थिति को देखते हुए अन्य भारतीय एयरलाइंस ने भी अपनी सेवाओं में बदलाव किए हैं. Akasa Air ने कहा है कि वह 31 मार्च तक जेद्दा और भारत के कुछ शहरों के बीच सीमित उड़ानें संचालित करेगी. इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड शामिल हैं. हालांकि एयरलाइन ने अबू धाबी और रियाद के लिए उड़ानें 11 मार्च तक निलंबित रखने का फैसला किया है, जबकि दोहा और कुवैत के लिए सेवाएं 15 मार्च तक बंद रहेंगी.
IndiGo ने पांच दिन में उड़ाईं 165 से ज्यादा फ्लाइट
इस बीच IndiGo ने बताया कि पिछले पांच दिनों में उसने पश्चिम एशिया के लिए 165 से ज्यादा उड़ानें संचालित की हैं और 22,000 से अधिक यात्रियों को भारत और इस क्षेत्र के बीच यात्रा कराई है. एयरलाइन के अनुसार 9 मार्च को भारत और पश्चिम एशिया तथा यूरोप के 12 शहरों के बीच 38 उड़ानें संचालित की गईं या की जानी थीं.
SpiceJet भी चला रही विशेष उड़ानें
SpiceJet ने भी दुबई से भारत के शहरों के लिए विशेष उड़ानें संचालित करने की जानकारी दी है, ताकि यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो.
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी किया अलर्ट
इस बीच Delhi International Airport Limited ने भी यात्रियों को आगाह किया है कि पश्चिम एशिया में बदलते हालात के कारण पश्चिम दिशा की कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या शेड्यूल में बदलाव हो सकता है.एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.