नई दिल्ली में होने वाली India AI Impact Summit 2026 से पहले राजधानी के लग्जरी होटलों के कमरे रिकॉर्ड स्तर तक महंगे हो गए हैं. कुछ होटलों में एक रात का किराया 30 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जिससे विदेशी मेहमान भी हैरान हैं. होटल टैरिफ में इस अचानक बढ़ोतरी पर उद्योगपति मोहनदास पई ने कड़ी आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि ऐसी कीमतें भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
AI समिट से पहले दिल्ली होटल इंडस्ट्री पर सवाल, 15 गुना बढ़े किराये, मोहनदास पई बोले- भारत की छवि को नुकसान.(Image:PTI)
‘यह बिल्कुल गलत है’ – मोहनदास पई की कड़ी प्रतिक्रिया
मोहनदास पई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर होटल किराए में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी को ‘बिल्कुल बेतुका’ बताया. उन्होंने कहा कि दाम 10 या 15 गुना तक बढ़ा देना गलत है और इससे भारत की साख को ठेस पहुंचती है. पई ने होटल इंडस्ट्री के लिए एक सख्त ‘कोड ऑफ कंडक्ट’ की जरूरत बताई. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत में होटलों की संख्या बेहद कम है. भारत में सिर्फ करीब 1.85 लाख होटल रूम हैं, जबकि दुबई, शंघाई और न्यूयॉर्क जैसे शहरों में इससे कहीं ज्यादा कमरे उपलब्ध हैं.
AI समिट से पहले क्यों बढ़े होटल के दाम
India AI Impact Summit का आयोजन 19 और 20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में होना है. यह समिट पेरिस में हुए AI Action Summit 2025 के बाद आयोजित की जा रही है. इस बड़े टेक इवेंट में दुनियाभर के दिग्गज टेक लीडर्स और नीति निर्माता शामिल हो सकते हैं, जिनमें सुंदर पिचाई और सैम ऑल्टमैन जैसे नाम भी बताए जा रहे हैं. इसी वजह से होटलों की मांग अचानक बढ़ी है और उसी का फायदा उठाकर लग्जरी होटल टैरिफ बढ़ा रहे हैं.
2 लाख से 30 लाख रुपये तक पहुंचा एक रात का किराया
रिपोर्ट्स के मुताबिक IHCL के Taj Palace होटल में ‘गार्डन लग्जरी सुइट’ का किराया समिट के दौरान करीब 27.55 लाख रुपये प्रति रात रखा गया है. टैक्स जोड़ने के बाद यह रकम लगभग 32 लाख रुपये तक पहुंच जाती है. हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पहले, यानी 13–14 फरवरी को यही कमरा करीब 2 लाख रुपये में उपलब्ध था. इसका मतलब है कि कीमतों में लगभग 1500 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है. समिट के दौरान होटल की कई लग्जरी कैटेगरी पहले ही फुल हो चुकी हैं.
दूसरे लग्जरी होटलों में भी हालात ऐसे ही
दिल्ली के अन्य बड़े होटलों में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है. The Leela Palace में महाराजा सुइट का किराया 6.9 लाख रुपये प्रति रात तक पहुंच गया है. वहीं The Oberoi, New Delhi में लग्जरी सुइट्स 5.5 लाख रुपये में उपलब्ध हैं. Andaz Delhi by Hyatt में सिग्नेचर सुइट का दाम करीब 3.86 लाख रुपये प्रति रात बताया जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इस तरह की मनमानी जारी रही, तो अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान भारत की छवि और टूरिज्म दोनों को नुकसान हो सकता है.
About the Author
Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.