भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा पर स्वच्छता सुधारने के लिए ‘क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज’ शुरू किया है. इस अभियान के तहत, अगर कोई यात्री किसी टोल प्लाजा पर गंदगी की रिपोर्ट करता है, तो उसे इनाम के तौर पर 1,000 रुपये का फास्टैग (FASTag) रिचार्ज दिया जाएगा.
अक्सर देखा जाता है कि टोल प्लाजा पर शौचालय होने के बावजूद वहां गंदगी के कारण यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी होती है. NHAI की इस पहल के बाद अब टोल प्लाजा का रख-रखाव करने वाली एजेंसियों पर दबाव रहेगा. अगर वे सफाई में लापरवाही बरतती हैं और कोई यात्री उसकी शिकायत करता है, तो अथॉरिटी न केवल उस पर कार्रवाई करेगी बल्कि शिकायतकर्ता को पुरस्कृत भी करेगी.
कैसे दर्ज करें शिकायत और जीतें इनाम?
इस चैलेंज में भाग लेने के लिए यात्रियों को ‘राजमार्गयात्रा’ (Rajmargyatra) ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करना होगा. अगर आपको किसी टोल प्लाजा पर शौचालय गंदा मिलता है, तो आपको ऐप के जरिए उसकी एक जियो-टैग्ड (Geo-tagged) फोटो लेनी होगी. जियो-टैग्ड फोटो का मतलब है कि उस फोटो में लोकेशन की सटीक जानकारी अपने आप दर्ज हो जाएगी, जिससे शिकायत की सत्यता की पुष्टि हो सके.
रजिस्ट्रेशन और रिवॉर्ड की प्रक्रिया
फोटो अपलोड करने के साथ ही यात्री को अपना नाम, मोबाइल नंबर, लोकेशन और अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर (VRN) ऐप में दर्ज करना होगा. एक बार जब NHAI के अधिकारी आपकी शिकायत की जांच कर लेंगे और वह सही पाई जाएगी, तो आपके दिए गए वाहन नंबर के फास्टैग वॉलेट में ₹1,000 का रिचार्ज भेज दिया जाएगा. यह राशि सीधे आपके FASTag खाते में जमा होगी.
30 जून 2026 तक खुला है मौका
NHAI ने साफ किया है कि यह ऑफर एक सीमित समय के लिए है. यात्रियों के पास अपनी शिकायतों के जरिए हाईवे को बेहतर बनाने और रिवॉर्ड जीतने के लिए 30 जून 2026 तक का समय है. इस कदम से न केवल स्वच्छता बढ़ेगी बल्कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर नागरिक अपनी सुविधाओं के प्रति जागरूक भी होंगे.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.