नोवो नॉर्डिस्क की वजन घटाने वाली ओरल दवा को बड़ी ब्रेकथ्रू माना जा रहा था, लेकिन यही दवा कंपनी के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गई है. ज्यादा लागत, कम कीमत और मुनाफे में भारी गिरावट ने शेयर को जोरदार झटका दिया है. इंजेक्टेबल दवा की तुलना में ओरल वर्जन बनाने में 70 गुना ज्यादा कच्चा माल लग रहा है, जबकि कीमत 80 प्रतिशत तक कम करनी पड़ी. नतीजा यह हुआ कि मार्जिन टूट गया और निवेशकों का भरोसा डगमगा गया.
नोवो नॉर्डिस्क की ओरल (खाने वाली गोली) वेगोवी को इंजेक्शन का विकल्प माना जा रहा था, जिससे मरीजों की संख्या कई गुना बढ़ सकती थी. लेकिन असल समस्या इसकी लागत में छुपी है. इंजेक्टेबल वेगोवी में जहां हफ्ते में सिर्फ 2.4 मिलीग्राम सेमाग्लूटाइड की जरूरत होती है, वहीं ओरल वर्जन में रोजाना 25 मिलीग्राम दवा देनी पड़ती है. इसका मतलब यह है कि एक मरीज के लिए करीब 70 गुना ज्यादा कच्चा माल लग रहा है.
कीमत घटी, मार्जिन टूट गया
राजनीतिक और प्रतिस्पर्धी दबाव के चलते कंपनी को ओरल वेगोवी की कीमत घटाकर करीब 150 डॉलर प्रति माह करनी पड़ी, जबकि इंजेक्टेबल वर्जन की कीमत 1000 डॉलर से ज्यादा थी. विश्लेषकों के मुताबिक जहां इंजेक्शन पर कंपनी को करीब 90 प्रतिशत का ग्रॉस मार्जिन मिलता था, वहीं ओरल दवा पर यह घटकर करीब 35 प्रतिशत रह गया है.
हाई मार्जिन बिजनेस खुद खा गया
ओरल वेगोवी ने कंपनी के मौजूदा बिजनेस को भी नुकसान पहुंचाया. लॉन्च के सिर्फ चार हफ्तों में 1.7 लाख मरीज इंजेक्टेबल वेगोवी छोड़कर ओरल वर्जन पर चले गए, जो कुल मरीजों का करीब 22 प्रतिशत है. इसका सीधा असर कंपनी के सबसे ज्यादा मुनाफे वाले सेगमेंट पर पड़ा.
ग्रोथ गाइडेंस ने बढ़ाई चिंता
कंपनी ने 2026 के लिए सेल्स और ऑपरेटिंग प्रॉफिट ग्रोथ का अनुमान घटाकर 5 से 13 प्रतिशत कर दिया है. 2025 में ही ग्रॉस मार्जिन में 370 बेसिस पॉइंट की गिरावट दर्ज की जा चुकी है, जिसने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी है.
दुविधा में कंपनी
नोवो नॉर्डिस्क के सामने अब मुश्किल फैसला है. अगर कंपनी ओरल दवा की बिक्री रोकती है तो मरीज और बाजार हाथ से निकल सकते हैं, खासकर जब एलि लिली (Eli Lilly) जैसी कंपनियां अपनी वजन घटाने वाली गोलियों पर काम कर रही हैं. वहीं अगर बिक्री जारी रखी जाती है तो मुनाफा और दबाव में आ सकता है. यह मामला दिखाता है कि मेडिकल साइंस में बड़ी सफलता हमेशा बिजनेस के लिहाज से फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं. नोवो नॉर्डिस्क की ओरल वजन घटाने वाली दवा इसका सबसे ताजा उदाहरण बनकर सामने आई है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.