Rajasthan Gold Silver Price: राजस्थान में सोना और चांदी की कीमतें लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. बुधवार को एक बार फिर सर्राफा बाजार में तेज उछाल देखने को मिला. चांदी के दाम में लगभग ₹20,000 प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं सोने की कीमतों में भी करीब ₹2,500 प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ है. बढ़ती कीमतों से जहां निवेशकों में हलचल है, वहीं आम ग्राहकों और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ती जा रही है. राजस्थान सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, बुधवार को शुद्ध चांदी का भाव ₹2,97,800 प्रति किलो पहुंच गया, जबकि 18 कैरेट चांदी की कीमत ₹2,96,100 रही. सोने की बात करें तो 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,48,550 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.
जेवराती सोना ₹1,42,600 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत ₹1,36,665 प्रति 10 ग्राम रही. इन सभी कीमतों पर ग्राहकों को लगभग 3 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स और अन्य शुल्क भी देना होगा, जिससे गहनों की खरीद और महंगी पड़ रही है. अगर एक दिन पहले यानी मंगलवार के भाव से तुलना करें तो अंतर साफ दिखाई देता है. मंगलवार को शुद्ध चांदी की कीमत ₹2,78,000 प्रति किलो थी, जो बुधवार को सीधे ₹19,800 बढ़कर ₹2,97,800 हो गई. इसी तरह 24 कैरेट सोने का भाव मंगलवार को ₹1,44,000 प्रति 10 ग्राम था, जो बुधवार को बढ़कर ₹1,48,550 पहुंच गया.
राजस्थान के प्रमुख शहरों में सोना-चांदी के भाव
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी सोना-चांदी के भाव ऊंचाई पर बने हुए हैं.
जयपुर में शुद्ध चांदी की कीमत ₹3,00,000 प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि 24 कैरेट सोना ₹1,50,000 प्रति 10 ग्राम बिक रहा है. जोधपुर में चांदी का भाव ₹2,98,000 और 24 कैरेट सोना ₹1,49,000 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. उदयपुर में शुद्ध चांदी ₹2,98,200 प्रति किलो और 24 कैरेट सोना ₹1,48,900 प्रति 10 ग्राम रहा। कोटा में भी यही स्थिति रही, जहां चांदी ₹2,98,200 और 24 कैरेट सोना ₹1,49,000 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया.
बढ़ती कीमतों से बाजार में अस्थिरता का है माहौल
राजस्थान सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक इंदर सिंह मेहता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. उन्होंने कहा कि भाव तेजी से बढ़ने के कारण बाजार में अस्थिरता का माहौल है. व्यापारी भी इस उछाल से चिंतित हैं, क्योंकि ऊंचे दामों के चलते ग्राहकी पर असर पड़ रहा है. लगातार बढ़ते दामों के बीच आम उपभोक्ता फिलहाल खरीदारी से बचते नजर आ रहे हैं, जबकि निवेशक बाजार की चाल पर नजर बनाए हुए हैं.आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा क्या होगी, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.