टाटा संस ने चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के कार्यकाल विस्तार पर फैसला टाल दिया है. बोर्ड मीटिंग में नए बिजनेस में हो रहे घाटे को लेकर मतभेद सामने आए हैं. इस खबर के बाद टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के शेयरों में गिरावट देखी गई. सूत्रों के मुताबिक चंद्रशेखरन ने खुद ही रीअपॉइंटमेंट पर चर्चा टालने को कहा ताकि बोर्ड में सहमति बन सके. पिछले पांच साल में टाटा ग्रुप ने राजस्व और मार्केट कैप में बड़ी बढ़ोतरी की है, लेकिन हालिया वित्तीय स्थिति मिली जुली रही है.
सूत्रों के मुताबिक एन चंद्रशेखरन ने खुद ही अपनी रीअपॉइंटमेंट पर चर्चा को टालने का अनुरोध किया, क्योंकि बोर्ड में कुछ वरिष्ठ नेताओं के बीच नए बिजनेस में हो रहे घाटे को लेकर मतभेद सामने आए. रिपोर्ट के अनुसार टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा ग्रुप की कुछ नई परियोजनाओं में बढ़ते नुकसान का मुद्दा उठाया. हालांकि कुछ अन्य डायरेक्टर्स का मानना था कि नए प्रोजेक्ट्स में शुरुआती वर्षों में घाटा सामान्य बात है और इसे दीर्घकालिक निवेश के तौर पर देखा जाना चाहिए.
शेयर बाजार की प्रतिक्रिया
इस खबर के बाद टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन (Tata Investment Corporation) के शेयरों में गिरावट देखने को मिली. मंगलवार दोपहर शेयर करीब 2.94 प्रतिशत गिरकर 668 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा था.
चंद्रशेखरन के कार्यकाल में टाटा ग्रुप की ग्रोथ
एन चंद्रशेखरन 2017 से टाटा ग्रुप की कमान संभाल रहे हैं, जब बोर्ड ने साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) को पद से हटाया था. उनके नेतृत्व में टाटा ग्रुप ने पिछले पांच वर्षों में राजस्व लगभग दोगुना किया और नेट प्रॉफिट और मार्केट कैपिटलाइजेशन को तीन गुना से ज्यादा बढ़ाया. इस दौरान टाटा ग्रुप ने करीब 5.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश भविष्य की तैयारी के लिए किया, जिसे ग्रुप ने फ्यूचर फिट रणनीति का हिस्सा बताया है.
टाटा संस की वित्तीय स्थिति
टाटा संस ने वित्त वर्ष 2024 25 में 5.92 लाख करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. हालांकि इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 17 प्रतिशत गिरकर 28,898 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष की शुरुआत वैश्विक ग्रोथ और महंगाई में नरमी की उम्मीदों के साथ सकारात्मक रही, लेकिन बाद में ट्रेड पॉलिसी को लेकर बढ़ती अनिश्चितता ने माहौल बदल दिया.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.