Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, Tesla के CEO एलन मस्क ने कंपनी की अर्निंग कॉल के दौरान साफ किया कि Tesla अब बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. उन्होंने कहा कि कंपनी Model S सेडान और Model X SUV का उत्पादन बंद करेगी. इन मॉडलों के लिए इस्तेमाल हो रही कैलिफोर्निया फैक्ट्री की जगह अब Optimus नाम के ह्यूमनॉइड रोबोट बनाए जाएंगे. मस्क ने कहा, “यह कैपेक्स के लिहाज से बहुत बड़ा साल होने वाला है. हम भविष्य के लिए बड़े और साहसिक निवेश कर रहे हैं.”
AI और डेटा सेंटर्स पर भारी निवेश
Tesla के CFO वैभव तनेजा के मुताबिक, इस रिकॉर्ड निवेश का इस्तेमाल साइबर कैब (स्टेयरिंग और पैडल के बिना पूरी तरह ऑटोनॉमस वाहन), लंबे समय से चर्चित Tesla सेमी ट्रक, Optimus रोबोट, और बैटरी व लिथियम प्रोडक्शन प्लांट लगाने में किया जाएगा. यानी कंपनी का फोकस अब सिर्फ इंसानों द्वारा चलाई जाने वाली कारों पर नहीं, बल्कि ऑटोमेशन और AI आधारित प्रोडक्ट्स पर है.
हालांकि, अभी भी Tesla की ज्यादातर कमाई इलेक्ट्रिक कारों से होती है, लेकिन कंपनी की बाजार वैल्यूएशन किसी ऑटोमोबाइल कंपनी से कहीं ज्यादा है. इसका कारण निवेशकों का यह भरोसा है कि एलन मस्क आने वाले समय में रोबोटैक्सी और ह्यूमनॉइड रोबोट को व्यावसायिक रूप से सफल बना पाएंगे. इसी वजह से Tesla की तुलना अब कार कंपनियों से ज्यादा टेक दिग्गजों जैसे Microsoft, Alphabet और Meta से की जाने लगी है, जो AI और डेटा सेंटर्स पर भारी निवेश कर रही हैं.
Optimus रोबोट को बेस्ट-सेलिंग प्रोडक्ट बनाना पर फोकस
मार्केट एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि Tesla का बिजनेस मॉडल बदल रहा है. REX Financial के COO स्कॉट एचीचेक के मुताबिक, अब Tesla की असली कहानी कारें नहीं, बल्कि ऑटोनॉमस ड्राइविंग और AI है. वहीं Zacks Investment Research के रणनीतिकार एंड्रयू रोको का कहना है कि 20 अरब डॉलर का निवेश “ज़रूरी खर्च” है. उनके मुताबिक, अगर Optimus रोबोट को बेस्ट-सेलिंग प्रोडक्ट बनाना है, तो AI ट्रेनिंग में बड़ा निवेश जरूरी है.
Tesla के पास फिलहाल 44 अरब डॉलर से ज्यादा का कैश और निवेश मौजूद है, जिससे वह इन योजनाओं को फंड कर सकती है. हालांकि कंपनी ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर वह कर्ज या अन्य विकल्पों के जरिए भी फंड जुटा सकती है. एलन मस्क ने माना कि कुछ प्रोजेक्ट्स कंपनी शौक से नहीं, बल्कि “मजबूरी” में कर रही है, खासकर लिथियम और बैटरी मटेरियल से जुड़ी सप्लाई चेन को लेकर.
कंपनी ने पहली बार यह भी खुलासा किया कि उसके Full Self-Driving (FSD) सिस्टम के 11 लाख एक्टिव सब्सक्राइबर हैं. मस्क ने हाल ही में ऐलान किया है कि FSD को जल्द ही केवल सब्सक्रिप्शन मॉडल में बदला जाएगा. इसके अलावा Tesla इस साल अमेरिका के कई शहरों में रोबोटैक्सी सर्विस शुरू करने की योजना बना रही है. इतना ही नहीं, Tesla ने एलन मस्क की AI कंपनी xAI में करीब 2 अरब डॉलर निवेश करने का भी ऐलान किया है और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के संकेत दिए हैं. कुल मिलाकर, Tesla अब एक कार कंपनी से आगे बढ़कर खुद को AI और रोबोटिक्स आधारित टेक कंपनी के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.