UPI One World : यूपीआई वन वर्ल्ड एक प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) वॉलेट है. विदेशी यात्री नई दिल्ली हवाई अड्डे या भारत मंडपम के NPCI पवेलियन से इसे ले सकते हैं. इसके लिए भारतीय सिम कार्ड की जरूरत नहीं है.
एनसीपीआई ने यूपीआई वन वर्ल्ड वॉलेट लॉन्च किया है.
NPCI ने ‘UPI One World’ वॉलेट सेवा पेश की है. इससे भारत आए विदेशी यात्री भारत में खरीदारी के लिए यूपीआई के माध्यम से पेमेंट कर पाएंगे और उन्हें नकदी पास रखने और विदेशी मुद्रा विनिमय (Currency Exchange) के झंझटों से मुक्ति मिलेगी. अब वे भी हमारी तरह किसी भी दुकान पर लगे UPI QR कोड को स्कैन कर रियल-टाइम भुगतान कर सकेंगे.
क्या है यूपीआई वन वर्ल्ड वॉलेट?
यह एक प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) वॉलेट है. विदेशी यात्री नई दिल्ली हवाई अड्डे या भारत मंडपम के NPCI पवेलियन से इसे आसानी से ले सकते हैं. इसके लिए भारतीय सिम कार्ड की जरूरत नहीं है. यह एक सुरक्षित डिजिटल वॉलेट है, जिसमें यात्री अपने अंतरराष्ट्रीय कार्ड से पैसे लोड कर सकते हैं. यात्रा खत्म होने पर यदि वॉलेट में पैसे बच जाते हैं, तो नियमों के तहत उन्हें वापस मूल खाते में ट्रांसफर किया जा सकता है.
कैसे यूज करें यूपीआई वन वर्ल्ड?
विदेशी मेहमानों के लिए इस सेवा को यूज करना बेहद आसान है-
- प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से CheqUPI ऐप डाउनलोड करना होगा.
- नाम, ईमेल और पासपोर्ट/वीजा जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- ऐप में एक सेल्फी लें और अपना यूनिक UPI पिन सेट करें.
- अपने अंतरराष्ट्रीय डेबिट या क्रेडिट कार्ड से पैसे डालें और डिजिटल वॉलेट यूज के लिए तैयार.
लेनदेन लिमिट
मेहमानों की सुविधा के लिए इस वॉलेट में प्रति लेनदेन ₹25,000 तक लोड करने की सुविधा दी गई है. एक महीने में अधिकतम ₹50,000 तक की लोडिंग की अनुमति है. यह पहल न केवल भारत के डिजिटल इकोसिस्टम को दुनिया के सामने मजबूती से रखती है, बल्कि ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ती है.
NPCI की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ग्रोथ) सोहिनी राजोला ने कहा, “UPI दुनिया की सबसे बड़ी रियल-टाइम भुगतान प्रणाली है. ‘इंडिया एआई इम्पेक्ट समिट 2026’ (India AI Impact Summit 2026) में विदेशी मेहमानों के लिए ‘UPI One World’ सेवा का विस्तार करके हम उन्हें भारत के रियल-टाइम पेमेंट इकोसिस्टम और ‘मेड इन इंडिया’ तकनीक का सहज अनुभव करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं.”
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.