कोविड के बाद के दौर में राज्य का जीएसडीपी (सकल राज्य घरेलू उत्पाद) 2021-22 से 2024-25 के बीच लगभग 43 फीसदी बढ़ा है, लेकिन वृद्धि दर के मामले में यह कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु से पीछे रहा है. हालांकि, कुल आंकड़ों में महाराष्ट्र इन चार राज्यों में सबसे आगे है. कर्नाटक, जो इन चारों में सबसे तेजी से बढ़ा है, उसने इसी अवधि में जीएसडीपी में लगभग 65 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है. महाराष्ट्र की वृद्धि दर कर्नाटक से 20 फीसदी से अधिक पीछे है.
कितनी है कर्नाटक की जीडीपी
कर्नाटक का जीएसडीपी 2021-22 में 17,02,227 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में 28,09,063 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे उसके सकल राज्य घरेलू उत्पाद में तेज वृद्धि दिखती है. इस विस्तार का कारण दक्षिणी राज्य के तकनीकी और सेवा क्षेत्र में आ रहा जबरदस्त ग्रोथ है. गुजरात ने लगभग 48 फीसदी की वृद्धि के साथ दूसरा सबसे तेज़ विकास दर्ज किया. उसका जीएसडीपी 2021-22 में 18,79,826 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 27,90,000 करोड़ रुपये हो गया, जिसमें मजबूत औद्योगिक और विनिर्माण आधार का योगदान रहा.
तमिलनाडु ने भी मारी बाजी
बीते चार सालों में तमिलनाडु ने लगभग 47 फीसदी की वृद्धि दर्ज की. उसका जीएसडीपी 2021-22 में 21,36,351 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 31,55,096 करोड़ रुपये हो गया, जिससे वह कुल आकार में महाराष्ट्र का सबसे नजदीकी प्रतिद्वंद्वी बन गया. महाराष्ट्र का जीएसडीपी 2021-22 में 29,81,024 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 42,67,771 करोड़ रुपये हो गया. हालांकि, उसने कुल आंकड़ों में लगभग 12.86 लाख करोड़ रुपये जोड़े, जो इन चार राज्यों में सबसे अधिक है, लेकिन फीसदी वृद्धि सबसे कम रही है.
अन्य राज्यों से कितना आगे है महाराष्ट्र
विकास दर में भले ही महाराष्ट्र सुस्त हो, लेकिन इसकी आर्थिक बढ़त अपने समकक्ष राज्यों के मुकाबले काफी अधिक है. 2024-25 में उसका अनुमानित जीएसडीपी तमिलनाडु से 11 लाख करोड़ रुपये, गुजरात से 14 लाख करोड़ रुपये और कर्नाटक से 15 लाख करोड़ रुपये अधिक रहा है. ये चार बड़े राज्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात भारत की आर्थिक वृद्धि के मुख्य इंजन माने जाते हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि इन तीन राज्यों (कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु) में भारी निवेश हुआ है, जबकि उनके घरेलू व्यवसाय जैसे स्टार्टअप्स ने भी उनके जीएसडीपी में योगदान दिया है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.