Job Opportunity : एआई का नौकरियों पर बढ़ता खतरा अब बीती बात हो गई. हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि फरवरी में आईटी सेक्टर ने सबसे ज्यादा जॉब एआई और मशीन लर्निंग से जुड़े सेक्टर को दी है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि व्हाइट कॉलर जॉब में एआई की वजह से ही बीते फरवरी में 12 फीसदी का तगड़ा उछाल आया है.
एआई ने आईटी सेक्टर में जॉब के अवसर सबसे ज्यादा बढ़ा दिए हैं.
‘नौकरी जॉबस्पीक इंडेक्स’ के अनुसार, व्हाइट-कॉलर नौकरियों के बाजार ने हाल के वर्षों में फरवरी महीने का अपना सबसे शानदार प्रदर्शन किया है. इंडेक्स फरवरी, 2025 के 2,890 अंक के मुकाबले 12 फीसदी बढ़कर फरवरी, 2026 में 3,233 अंक पर पहुंच गया. इतना ही नहीं, जनवरी की तुलना में फरवरी में नियुक्तियों की रफ्तार में 23 फीसदी की तेजी देखी गई, जो सामान्य तौर पर देखी जाने वाली 13-16 फीसदी की वृद्धि से काफी अधिक है.
आईटी सेक्टर ने फिर मारी बाजी
रिपोर्ट के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि फरवरी में आईटी क्षेत्र में नियुक्तियों में सालाना आधार पर 6 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि इस क्षेत्र में नए लोगों (फ्रेशर्स) की भर्ती में 8 फीसदी का इजाफा हुआ. रिपोर्ट कहती है कि भारत स्थित बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनियां इसकी मुख्य चालक रहीं, जहां नियुक्तियों में 55 फीसदी का उछाल देखा गया है.
एआई ने दिलाई सबसे ज्यादा जॉब
आईटी क्षेत्र के भीतर एआई/‘मशीन लर्निंग’ से जुड़ी नियुक्तियों में 40 फीसदी की वृद्धि हुई. यह दर्शाता है कि फरवरी का प्रदर्शन उच्च-कौशल और उच्च-मूल्य वाले प्रतिभा क्षेत्रों पर केंद्रित रहा. रिपोर्ट के अनुसार, नए लोगों की भर्ती में सालाना आधार पर 17 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि 20 लाख रुपये प्रति वर्ष से अधिक के वेतन पैकेज वाले पदों की मांग में 23 फीसदी का इजाफा हुआ. गैर-आईटी क्षेत्रों ने भी नियुक्ति की गति को बनाए रखा. इसमें बीमा क्षेत्र 28 फीसदी की वृद्धि के साथ सबसे आगे रहा. इसके बाद बीपीओ/आईटीईएस (22 फीसदी), रियल एस्टेट (19 फीसदी), आतिथ्य/यात्रा (15 फीसदी) और रिटेल या खुदरा (14 फीसदी) का स्थान रहा.
एमएनसी ने दी बंपर नौकरियां
रिपोर्ट में कहा गया है बहुराष्ट्रीय कंपनियों (एमएनसी) ने अपनी नियुक्तियों में 24 फीसदी का विस्तार किया. आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) क्षेत्र में कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) से जुड़ी भूमिकाओं में तेजी का रुख बना रहा और इसमें सालाना आधार पर 49 फीसदी की जोरदार वृद्धि दर्ज की गई. नौकरी के मुख्य कारोबार अधिकारी (सीबीओ) पवन गोयल ने कहा कि आईटी क्षेत्र में नियुक्तियों में सार्थक सुधार हो रहा है और भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनियां एआई प्रतिभाओं पर निवेश कर रही हैं. नए वित्त वर्ष की ओर बढ़ते हुए यह सकारात्मक संकेत है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.