Mr Beast Net Worth : दिग्गज यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट ने 10 साल पहले जब वीडियो बनाना शुरू किया था तो उन्हें खुद अंदाजा नहीं था कि एक दिन वे हजारों करोड़ रुपये के मालिक बनेंगे. सही रणनीति और मेहनत से उन्होंने महज एक दशक में ही खुद को ब्रांड के रूप में स्थापित कर लिया है.
अब तक तो आप पहचान ही गए होंगे कि हम किसकी बात कर रहे हैं. अगर तो इस यूट्यूबर का नाम है मिस्टर बीस्ट, जिन्होंने साल 2016 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था और अब तक के सबसे सफल कंटेंट क्रिएटर हैं. साल 2026 में उनकी नेट वर्थ करीब 2.6 अरब डॉलर यानी 23,400 करोड़ रुपये आंकी गई है. यह कमाल ओवरनाइट नहीं हुआ है. इसके लिए जिम्मी ने मेहनत तो की ही रिस्क भी खूब लिया और सही समय पर सही फैसले लेकर अपना बिजनेस अम्पायर खड़ा किया है.
बिजनेस में लगा दी सारी कमाई
उनकी रणनीति हमेशा से साधारण लेकिन असरदार रही है. मिस्टर बीस्ट ने शुरुआत में अपनी सारी कमाई काम में ही लगाते रहे और धीरे-धीरे एक बड़ा बिजनेस खड़ा कर दिया. उन्होंने अपने चैनल पर आने वाले व्यूज को ब्रांड में बदला और ब्रांड को अरबों रुपये की कंपनी बना दी. साल 2016 में जब उन्होंने अपना चैनल शुरू किया तो अगले 6 महीने में ही 30 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर बन गए. तब उनकी कमाई काफी कम थी, लेकिन फिर भी उन्होंने वीडियो अपलोड करना बंद नहीं किया. अपने जुनून को पूरा करने के लिए उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई भी छोड़ दी थी.
साल 2017 में बदली किस्मत
मिस्टर बीस्ट की किस्मत ने साल 2017 में पटली मारी जब उनका ‘काउंटिंग टू 100000’ वीडियो वायरल हुआ. इस वीडियो पर खूब व्यूज आए और कमाई भी बढ़नी शुरू हो गई. इसके बाद उन्होंने बड़े वीडियो बनाने शुरू किए और कमाई भी ज्यादा होनी शुरू हो गई. उन्होंने अपनी रणनीति पर काम किया और साल 2018 और 2019 में यूट्यूब पर कैश प्राइज जैसी प्रतियोगिता शुरू की, जिसने उनके चैनल को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया.
यूट्यूब के साथ शुरू किया बिजनेस
मिस्टर बीस्ट ने यूट्यूब चैनल के साथ-साथ अपना बिजनेस भी शुरू कर दिया. साल 2020 में उन्होंने मिस्टर बीस्ट बर्गर नाम से खाने-पीने का प्रोडक्ट लॉन्च किया और इसकी सिर्फ ऑनलाइन डिलीवरी होती थी. पहले ही साल में उनका प्रोडक्ट करोड़ों की संख्या में बिका और उन्हें अंदाजा हो गया कि बिजनेस की दुनिया में भी हाथ आजमाया जा सकता है. बस यहीं से उन्हें यूट्यूब के साथ बिजनेस करने का भी आइडिया मिल गया.
2022 रहा गेमचेंजर
मिस्टर बीस्ट के लिए साल 2022 गेमचेंजर साबित हुआ, जब उन्होंने फीस्टेबल्स के नाम से अपना चॉकलेट ब्रांड लॉन्च किया. इस ब्रांड ने साल 2024 तक 25 करोड़ डॉलर का बिजनेस किया और 2 करोड़ डॉलर का मुनाफा हुआ. साल 2023 तक उनकी नेट वर्थ बढ़कर 10 करोड़ डॉलर यानी करीब 900 करोड़ रुपये हो गई. जून, 2024 में फोर्ब्स ने उन्हें अरबपति घोषित कर दिया और साल 2025 में उनकी कमाई 8.5 करोड़ डॉलर रही. 2026 की शुरुआत में उनकी नेट वर्थ 2.4 अरब डॉलर के आसपास बताई जा रही है. उनकी कंपनी बीस्ट इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप भी करीब 5 अरब डॉलर यानी 45 हजार करोड़ रुपये के आसपास है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.