डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ एटीएम कार्ड क्लोनिंग जैसी ठगी भी बढ़ रही है. इसमें ठग आपके कार्ड की जानकारी चुरा कर नकली कार्ड बनाकर खाते से मिनटों में पैसे निकाल सकते हैं. सावधानी, पिन सुरक्षा और बैंक अलर्ट सर्विस एक्टिव रखने से इससे बचा जा सकता है.
क्या है कार्ड क्लोनिंग?
कार्ड क्लोनिंग में ठग एटीएम मशीन या किसी दुकान के कार्ड स्वाइप मशीन पर एक छोटा-सा डिवाइस, जिसे ‘स्किमर’ कहा जाता है, लगा देते हैं. जब आप कार्ड स्वाइप करते हैं तो यह डिवाइस कार्ड की मैग्नेटिक स्ट्रिप की जानकारी कॉपी कर लेता है. साथ ही, पास में छिपा कैमरा या कीपैड कवर के जरिए आपका पिन भी रिकॉर्ड कर लिया जाता है. इन जानकारियों की मदद से नकली कार्ड बनाकर खाते से रकम निकाल ली जाती है. कभी-कभी पेट्रोल पंप, रेस्तरां या अनजान पीओएस मशीनों पर भी ऐसा होता है. चिप-बेस्ड कार्ड्स ईएमवी ज्यादा सुरक्षित हैं, लेकिन पुराने मैग्नेटिक स्ट्रिप वाले कार्ड आसानी से क्लोन हो जाते हैं.
कैसे पहचानें खतरा?
अगर आपके मोबाइल पर बिना किसी ट्रांजैक्शन के पैसे कटने का मैसेज आए या खाते से अचानक बड़ी रकम निकल जाए, तो तुरंत सतर्क हो जाएं. एटीएम के कार्ड स्लॉट में ढीलापन, कीपैड पर अतिरिक्त परत या आसपास संदिग्ध डिवाइस दिखे तो उस मशीन का इस्तेमाल न करें.
कैसे बचें इस धोखाधड़ी से?
- एटीएम में पिन डालते समय कीपैड को हाथ से ढक लें.
- किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर कार्ड की जानकारी शेयर न करें.
- बैंक की ओर से मिलने वाली एसएमएस अलर्ट सर्विस हमेशा एक्टिव रखें.
- अंतरराष्ट्रीय और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की सुविधा जरूरत न हो तो बंद रखें.
- समय-समय पर अपना पिन बदलते रहें.
- चिप वाले कार्ड का इस्तेमाल करें और मैग्नेटिक स्ट्रिप वाले पुराने कार्ड को बदलवा लें.
धोखाधड़ी होने पर क्या करें?
अगर आपके साथ ऐसी घटना हो जाए तो तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल कर कार्ड ब्लॉक कराएं और नजदीकी ब्रांच में लिखित शिकायत दें. साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है. थोड़ी सतर्कता और सही जानकारी से आप अपने बैंक खाते को सुरक्षित रख सकते हैं और कार्ड क्लोनिंग जैसे साइबर क्राइम से बच सकते हैं.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.