क्यों स्टेटमेंट टैक्स रिटर्न से ज्यादा ताकतवर है
इनकम टैक्स रिटर्न यह बताता है कि आपने क्या घोषित किया. लेकिन बैंक स्टेटमेंट दिखाता है कि असल में आपके खाते में क्या हुआ. जब कोई बैंक किसी व्यवसायी, फ्रीलांसर या कंसल्टेंट को लोन देने पर विचार करता है, तो वह तीन बातें जानना चाहता है- क्या आय असली है? क्या यह स्थिर है? और क्या आगे भी जारी रहेगी? इन सवालों के जवाब किसी एक बड़ी रकम से नहीं, बल्कि छह से बारह महीनों के लेन-देन के पैटर्न से मिलते हैं.
टर्नओवर नहीं, कैश फ्लो पर नजर
कई लोग सोचते हैं कि ज्यादा टर्नओवर मतलब ज्यादा लोन. लेकिन बैंक इस तर्क को नहीं मानते. अगर हर महीने 10 लाख रुपये खाते में आते हैं, लेकिन 9.5 लाख तुरंत खर्च हो जाते हैं, तो बची हुई रकम से ईएमआई चुकाना मुश्किल हो सकता है. बैंक मासिक औसत और स्थिरता देखते हैं. हर महीने नियमित 2 लाख की कमाई, अनियमित 10 लाख से ज्यादा भरोसेमंद मानी जाती है. उतार-चढ़ाव जोखिम माना जाता है, जबकि स्थिरता बैंक को भरोसा देती है.
कौन-से क्रेडिट बढ़ाते हैं शक
हर जमा राशि बैंक की नजर में आय नहीं होती. अगर खाते में बड़े और अनियमित कैश डिपॉजिट या निजी खातों से अचानक ट्रांसफर दिखते हैं, तो बैंक सतर्क हो जाता है. बैंक उन क्रेडिट को ज्यादा महत्व देते हैं जो ग्राहकों से नियमित भुगतान या किसी प्लेटफॉर्म से बार-बार आने वाली राशि हों. अचानक आई बड़ी रकम बैलेंस बढ़ा सकती है, लेकिन लोन पात्रता नहीं. कई बार बैंक ऐसी रकम को आय की गणना में शामिल ही नहीं करते.
खर्च भी बताते हैं आपकी वित्तीय आदतें
सिर्फ कमाई ही नहीं, खर्च का तरीका भी अहम है. बिजनेस अकाउंट से भारी निजी खर्च, बार-बार ओवरड्राफ्ट, क्रेडिट कार्ड का बकाया घुमाना या सट्टेबाजी जैसे लेन-देन बैंक के लिए चेतावनी संकेत होते हैं. इससे लगता है कि उधार लेने वाला वित्तीय दबाव में है. इसके विपरीत, नियमित टैक्स भुगतान, समय पर ईएमआई और नियंत्रित खर्च बैंक का भरोसा बढ़ाते हैं. यह दिखाता है कि व्यक्ति नकदी प्रवाह को समझता है और जिम्मेदारी से संभालता है.
अपने खातों के बीच ट्रांसफर क्यों बनते हैं उलझन
कई स्वरोजगार लोग अलग-अलग खातों- सेविंग, करंट, पारिवारिक या बिजनेस अकाउंट- के बीच पैसा घुमाते रहते हैं. बैंक के सिस्टम को यह आय नहीं, बल्कि सर्कुलर मूवमेंट लगता है. जब तक स्पष्ट न हो कि पैसा कहां से आया और क्यों ट्रांसफर हुआ, तब तक बैंक इसका बड़ा हिस्सा ‘गैर-मुख्य’ मान सकता है. इसलिए सलाह दी जाती है कि बिजनेस और निजी लेन-देन अलग रखें. साफ-सुथरा स्टेटमेंट समझने में आसान होता है.
मौजूदा ईएमआई का छिपा असर
बैंक स्टेटमेंट से ही यह पता चलता है कि पहले से कितनी ईएमआई, एसआईपी, क्रेडिट कार्ड भुगतान या अन्य किस्तें चल रही हैं. यह सारी देनदारियां आपकी मासिक बचत कम कर देती हैं. कई लोग यह देखकर चौंक जाते हैं कि उनकी पात्रता उम्मीद से कम निकली. कारण यही होता है कि बैंक केवल आय नहीं, बल्कि शुद्ध बचत और मौजूदा दायित्वों को भी जोड़कर देखते हैं.
कैसा दिखता है मजबूत प्रोफाइल
कोई तय फॉर्मूला नहीं है, लेकिन एक अच्छा बैंक स्टेटमेंट आमतौर पर नियमित क्रेडिट, स्थिर मासिक बचत, सीमित कैश उपयोग और समय पर भुगतान दिखाता है. लंबे समय तक शून्य बैलेंस या अचानक भारी गिरावट न हो, यह भी जरूरी है. सच यह है कि बैंक को ‘रोमांचक’ नहीं, बल्कि ‘स्थिर’ प्रोफाइल पसंद है. अंत में, सेल्फ-एम्प्लॉयड व्यक्ति के लिए बैंक स्टेटमेंट सिर्फ आय का सबूत नहीं, बल्कि पूरे वित्तीय व्यवहार का रिपोर्ट कार्ड है. आप सोचते हैं कि आप लोन के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन असल में आपका पिछला एक साल का वित्तीय जीवन जांचा जा रहा होता है- और आपका स्टेटमेंट ही सबसे ज्यादा बोलता है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.