लक नहीं, डिसिप्लिन जरूरी- वायरल हुआ फाइनेंशियल ब्लूप्रिंट
चार्टर्ड अकाउंटेंट नितिन कौशिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि दौलत बनाने के लिए भाग्य नहीं, बल्कि सिस्टम और निरंतरता जरूरी है. उन्होंने लिखा कि अगर कोई व्यक्ति बिना विरासत, बिना बड़ी नौकरी और बिना शुरुआती बचत के भी शुरू करता है, तो सही रणनीति से करोड़पति बन सकता है. उनका कहना है कि लोग 10–15 साल की लगातार मेहनत और निवेश के असर को कम आंकते हैं, जबकि असली जादू कंपाउंडिंग में छिपा होता है.
इमरजेंसी फंड से करें शुरुआत
नितिन के अनुसार, निवेश से पहले सुरक्षा जरूरी है. उनका पहला सुझाव है कि कम से कम 1 लाख रुपये का इमरजेंसी फंड बचत खाते या फिक्स्ड डिपॉजिट में रखें. यह रकम नौकरी जाने, मेडिकल इमरजेंसी या अचानक खर्च की स्थिति में सहारा देती है. वे मानते हैं कि बिना सुरक्षा जाल के निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है. इसलिए पहले वित्तीय आधार मजबूत करें, फिर आगे बढ़ें.
SIP पर फोकस
नितिन का तीसरा और सबसे अहम सुझाव है, हर महीने 10,000 रुपये की SIP के जरिए इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश करना. उनका दावा है कि 20 साल की निरंतर SIP से 1 करोड़ रुपये तक की संपत्ति बन सकती है. उनका जोर इस बात पर है कि मार्केट टाइमिंग से ज्यादा जरूरी है नियमित निवेश.
साइड इनकम की ताकत
इसके अलावा वे साइड इनकम पर भी फोकस करने की सलाह देते हैं. फ्रीलांसिंग, कंटेंट क्रिएशन या ट्यूशन जैसे काम से अगर हर महीने 30,000 रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो, तो 10 साल में 30–40 लाख रुपये की अतिरिक्त संपत्ति बनाई जा सकती है.
बीमा सुरक्षा और कर्ज से दूरी
नितिन सलाह देते हैं कि सालाना आय के 10–15 गुना का टर्म इंश्योरेंस जरूर लें. साथ ही 10–20 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस कवर होना चाहिए. वे हाई इंटरेस्ट लोन और गैर-जरूरी EMI से बचने को भी जरूरी बताते हैं, क्योंकि कर्ज आपकी कमाई को खा जाता है. उनका मानना है कि बीमा सुरक्षा और कर्ज नियंत्रण से लंबी अवधि की संपत्ति सुरक्षित रहती है.
बनाएं ‘फ्रीडम फंड’ और बढ़ाएं स्किल
अंत में नितिन ‘फ्रीडम फंड’ बनाने की बात करते हैं. उनका कहना है कि आपकी सालाना खर्च की 25 गुना रकम आपकी आर्थिक आजादी का लक्ष्य होना चाहिए. उदाहरण के तौर पर, अगर सालाना खर्च 6 लाख है, तो 1.5 करोड़ रुपये का फंड वित्तीय स्वतंत्रता दिला सकता है.
लगातार प्रयास का फल
वे कोडिंग, राइटिंग, मार्केटिंग या फाइनेंस जैसी स्किल सीखने पर भी जोर देते हैं. उनका मानना है कि स्किल आधारित कमाई शेयर बाजार से भी तेजी से बढ़ सकती है. नितिन का संदेश साफ है- करोड़पति बनने का रास्ता कोई शॉर्टकट नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और लगातार प्रयास का परिणाम है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.