कई नौकरीपेशा लोगों के मन में यह उलझन रहती है कि अगर उनके पास अपना घर है, तो क्या वे हाउस रेंट अलाउंस (HRA) पर टैक्स छूट पा सकते हैं? एक्सपर्ट के मुताबिक, कुछ खास परिस्थितियों में ऐसा संभव है.
पैरेंट्स को किराया दें, HRA क्लेम करें (Image: AI)
मनीकंट्रोल से बात करते हुए टैक्स प्लेटफॉर्म क्वियरटैक्स के फाउंडर और सीईओ अर्चित गुप्ता बताते हैं कि अगर कोई आदमी एक शहर में अपना घर होने के बावजूद नौकरी की वजह से दूसरे शहर में किराए के घर में रहता है, तो वह HRA की छूट ले सकता है. उदाहरण के तौर पर, अगर किसी का घर मुंबई में है लेकिन नौकरी के कारण वह बेंगलुरु में किराए पर रहता है, तो वह HRA का फायदा ले सकता है. साथ ही अपने घर के होम लोन पर सेक्शन 24(b) के तहत सालाना 2 लाख रुपये तक ब्याज की टैक्स कटौती भी क्लेम कर सकता है.
माता-पिता को किराया देने पर भी मिल सकता है फायदा
अगर आप अपने माता-पिता के घर में रहते हैं और उन्हें किराया देते हैं, तो HRA क्लेम किया जा सकता है. लेकिन यह व्यवस्था वास्तविक होनी चाहिए. इसके लिए रेंट एग्रीमेंट, बैंक ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड और रेंट रिसीट रखना जरूरी है. साथ ही माता-पिता को उस किराए को अपनी इनकम के रूप में टैक्स रिटर्न में दिखाना होगा.
पत्नी को किराया देने के मामले में ज्यादा जांच
पति-पत्नी के बीच रेंट की व्यवस्था पर टैक्स विभाग ज्यादा ध्यान देता है, क्योंकि इसमें परिवार के भीतर इनकम ट्रांसफर होने की संभावना रहती है. ड्राफ्ट इनकम टैक्स नियम 2026 के मुताबिक अब HRA क्लेम करते समय मकान मालिक से अपना रिश्ता भी बताना पड़ सकता है. अगर पति-पत्नी एक ही घर में रहते हैं और पति पत्नी को किराया देता है, तो इस पर अतिरिक्त जांच हो सकती है. वहीं अगर दोनों अलग-अलग शहरों में काम करते हैं और पति पत्नी के नाम वाले घर में रेंट पर रहता है, तो यह व्यवस्था ज्यादा स्वीकार्य मानी जाती है, बशर्ते किराया बाजार दर के आसपास हो और पत्नी उसे अपनी इनकम के रूप में दिखाए.
HRA क्लेम करने के लिए जरूरी दस्तावेज
- रेंट एग्रीमेंट
- रेंट की रसीद
- मकान मालिक का PAN (अगर सालाना किराया 1 लाख से ज्यादा है.)
- बैंक ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड
HRA न मिलने पर भी है ऑप्शन
अगर आपकी सैलरी में HRA नहीं है लेकिन आप रेंट के घर में रहते हैं, तो भी टैक्स में राहत मिल सकती है. ऐसे मामलों में इनकम टैक्स की धारा 80GG के तहत किराये पर कटौती का दावा किया जा सकता है. हालांकि इसके लिए यह जरूरी है कि जिस शहर में आप काम करते हैं, वहां आपके या आपके जीवनसाथी के नाम पर कोई घर न हो.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.