यूपीआई (UPI) की सामान्य ट्रांजैक्शन लिमिट 1 लाख रुपये है, लेकिन स्कूल फीस या टैक्स जैसे कामों के लिए इसे 5 लाख रुपये तक बढ़ाया जा सकता है. लिमिट बढ़ाने के लिए अपनी बैंक KYC अपडेट रखें और ध्यान रखें कि फोन बदलने या नया सिम डालने पर सुरक्षा कारणों से बैंक खुद भी आपकी लिमिट कम कर सकता है.
लिमिट सिर्फ ऐप तय नहीं करते.
यह समझना जरूरी है कि यह लिमिट सिर्फ ऐप (जैसे PhonePe या Google Pay) तय नहीं करते. यह लिमिट सिर्फ ऐप पर नहीं बल्कि NPCI के नियम, आपके बैंक की पॉलिसी और कभी-कभी ऐप के अपने कंट्रोल पर निर्भर करती है. यह लिमिट हर 24 घंटे में रीसेट हो जाती है, जिसके बाद आप फिर से पैसे भेज सकते हैं.
कुछ खास कामों के लिए लिमिट में ढील
हालांकि, कुछ खास कामों के लिए सरकार ने ढील दी है. अगर आप आईपीओ (IPO) में पैसा लगा रहे हैं, टैक्स भर रहे हैं या अस्पताल और स्कूल की फीस जमा कर रहे हैं, तो कुछ बैंकों में यह लिमिट 2 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक भी हो सकती है. लेकिन इसके लिए आपके बैंक का सपोर्ट करना जरूरी है.
इन वजहों से लिमिट में आ सकती है दिक्कतें
कई बार आपकी लिमिट अचानक कम भी हो सकती है. अगर आपने हाल ही में नया फोन लिया है, सिम बदला है या पहली बार यूपीआई एक्टिवेट किया है, तो सुरक्षा कारणों से बैंक कुछ समय के लिए लिमिट घटा देते हैं. साथ ही, अगर आपकी केवाईसी (KYC) अधूरी है, तो भी आप ज्यादा पैसे नहीं भेज पाएंगे. एक बड़ी गलतफहमी यह है कि अलग-अलग ऐप्स इस्तेमाल करने से लिमिट बढ़ जाती है. सच यह है कि लिमिट आपके बैंक अकाउंट से जुड़ी होती है. अगर आप एक ही बैंक अकाउंट को तीन अलग-अलग ऐप्स में चला रहे हैं, तो भी कुल लिमिट 1 लाख रुपये ही रहेगी.
ऐसे बढ़ा सकते हैं लिमिट
अगर आप अपनी लिमिट बढ़ाना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने बैंक की नेट बैंकिंग में लॉग-इन करें या कस्टमर केयर से बात करें. वहां चेक करें कि आपके अकाउंट पर अधिकतम कितनी यूपीआई लिमिट सेट है. अगर केवाईसी पेंडिंग है, तो उसे तुरंत पूरा करें, इससे अक्सर लिमिट बढ़ जाती है. अगर बैंक लिमिट नहीं बढ़ा रहा है और आपको बड़ा पेमेंट करना है, तो कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं. आप भुगतान को 2 दिनों में बांट सकते हैं या दूसरे बैंक अकाउंट का इस्तेमाल कर सकते हैं. बहुत बड़े ट्रांजैक्शन के लिए नेट बैंकिंग या RTGS का विकल्प चुनना ज्यादा बेहतर और सुरक्षित होता है.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
1. क्या मैं UPI के जरिए एक दिन में 1 लाख रुपये से ज्यादा भेज सकता हूं?
जवाब- साधारण लेन-देन के लिए आमतौर पर नहीं. ज्यादातर लोगों के लिए डेली लिमिट 1 लाख रुपये है. हालांकि, आईपीओ, टैक्स भुगतान या एजुकेशन फीस जैसी कुछ कैटेगरी के लिए बैंक के आधार पर ज्यादा सीमा की अनुमति मिल सकती है.
2. अगर मैं एक से ज्यादा UPI ऐप इस्तेमाल करूं, तो क्या मेरी लिमिट बढ़ जाएगी?
जवाब- जी नहीं. आपकी लिमिट आपके बैंक अकाउंट से जुड़ी होती है. एक ही खाते के साथ कई ऐप्स का उपयोग करने से आपकी डेली लिमिट नहीं बदलती है.
3. मेरी UPI लिमिट अचानक कम क्यों हो गई?
जवाब- ऐसा अक्सर फोन बदलने, नया अकाउंट जोड़ने या सिम अपडेट करने के बाद होता है. सुरक्षा उपाय के रूप में बैंक कभी-कभी अस्थायी रूप से लिमिट कम कर देते हैं. यह आमतौर पर कुछ समय बाद अपने आप ठीक हो जाती है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.