वित्त वर्ष 2025 26 के खत्म होने में कुछ ही दिन बचे हैं और 31 मार्च 2026 टैक्स प्लानिंग की आखिरी तारीख है. अगर समय रहते सही निवेश नहीं किया गया तो आपकी कमाई का बड़ा हिस्सा टैक्स में कट सकता है. सेक्शन 80सी, एनपीएस, हेल्थ इंश्योरेंस, होम लोन ब्याज, एजुकेशन लोन और डोनेशन जैसे विकल्पों से टैक्स देनदारी कम की जा सकती है. इसलिए जरूरी है कि निवेश और डॉक्युमेंटेशन समय पर पूरा कर लिया जाए ताकि टीडीएस के रूप में भारी कटौती से बचा जा सके.
सेक्शन 80सी के तहत 1.5 लाख रुपये तक के निवेश पर टैक्स छूट मिलती है, जिसमें ईपीएफ, पीपीएफ, ईएलएसएस और बच्चों की स्कूल फीस शामिल होती है. इसके अलावा नेशनल पेंशन सिस्टम में 50,000 रुपये का अतिरिक्त निवेश सेक्शन 80सीसीडी 1बी के तहत टैक्स बचाने में मदद करता है. हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर सेक्शन 80डी के तहत खुद और परिवार के लिए 25,000 रुपये और सीनियर सिटीजन माता पिता के लिए 50,000 रुपये तक की छूट मिलती है.
लोन का ब्याज
अगर आपने घर लिया है तो होम लोन के ब्याज पर सेक्शन 24 के तहत 2 लाख रुपये तक की कटौती का दावा किया जा सकता है. उच्च शिक्षा के लिए लिए गए एजुकेशन लोन के ब्याज पर सेक्शन 80ई के तहत पूरी रकम पर टैक्स छूट मिलती है. किराए पर रहने वाले सैलरीड लोग एचआरए क्लेम कर सकते हैं और जिनको एचआरए नहीं मिलता वे सेक्शन 80जीजी के तहत छूट ले सकते हैं. इसके अलावा मान्यता प्राप्त संस्थाओं को दिए गए दान पर सेक्शन 80जी के तहत 50 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक टैक्स छूट मिलती है.
सेविंग्स भी एक रास्ता
निवेश विकल्पों की बात करें तो ईएलएसएस में 3 साल का लॉक इन होता है और यह मार्केट आधारित होने के कारण ज्यादा रिटर्न दे सकता है. पीपीएफ सुरक्षित विकल्प है लेकिन लॉक इन 15 साल का होता है. एनपीएस रिटायरमेंट फोकस्ड निवेश है और इसमें अच्छा रिटर्न मिल सकता है. हेल्थ इंश्योरेंस निवेश नहीं बल्कि सुरक्षा है लेकिन टैक्स बचाने में बड़ी भूमिका निभाता है.
ध्यान रहे कि 31 मार्च के बाद किया गया कोई भी निवेश मौजूदा वित्त वर्ष के टैक्स में काम नहीं आएगा. इसलिए जरूरी है कि आपके सभी ट्रांजेक्शन और डॉक्युमेंटेशन समय पर पूरे हो जाएं, वरना आपकी सैलरी से टीडीएस के रूप में बड़ी रकम कट सकती है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.