कई बार घर के बाकी खर्चों के बीच अचानक स्कूल फीस का बड़ा पेमेंट करना जेब पर भारी पड़ता है. ऐसे में कई माता-पिता क्रेडिट कार्ड का सहारा लेते हैं. लेकिन क्या यह वाकई एक समझदारी भरा फैसला है? आइए जानते हैं क्रेडिट कार्ड से स्कूल फीस भरने के फायदे और नुकसान.
स्कूल फीस के लिए क्रेडिट कार्ड यूज करें या नहीं?
जब क्रेडिट कार्ड मददगार हो सकता है
अगर आपके पास फिलहाल कैश की कमी है लेकिन कुछ दिनों में सैलरी या कोई पैसा आने वाला है, तो क्रेडिट कार्ड अस्थायी राहत दे सकता है. ज्यादातर क्रेडिट कार्ड में 45 से 50 दिन तक का इंटरेस्ट-फ्री पीरियड मिलता है. अगर आप इस समय के भीतर पूरा बिल चुका देते हैं, तो आपको कोई ब्याज नहीं देना पड़ता.
पूरा बिल नहीं चुकाया तो बढ़ेगा खर्च
समस्या तब शुरू होती है जब क्रेडिट कार्ड का बिल पूरा नहीं चुकाया जाता. क्रेडिट कार्ड पर लगने वाला ब्याज आमतौर पर काफी ज्यादा होता है. अगर बकाया रकम अगले बिलिंग साइकल में चली गई, तो उस पर ब्याज लगना शुरू हो जाता है. ऐसे में जो पेमेंट सिर्फ स्कूल फीस के लिए किया गया था, वह धीरे-धीरे महंगे लोन में बदल सकता है.
एडिशनल चार्ज भी लग सकते हैं
कई स्कूल या ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म क्रेडिट कार्ड से फीस भरने पर कन्वीनियंस फीस भी लेते हैं. यह फीस भले छोटी लगे, लेकिन इससे कुल खर्च बढ़ जाता है. अगर इस पर क्रेडिट कार्ड का ब्याज भी जुड़ जाए, तो पेमेंट और महंगा हो सकता है. इसलिए फीस भरने से पहले पेमेंट पेज पर सभी चार्ज ध्यान से देखना जरूरी है.
रिवॉर्ड पॉइंट्स का लालच
कुछ माता-पिता बड़े भुगतान पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स या कैशबैक की वजह से भी क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं. स्कूल फीस अक्सर हजारों या लाखों रुपये तक हो सकती है, इसलिए पॉइंट्स भी ज्यादा मिल सकते हैं. लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि इन रिवॉर्ड्स को सिर्फ एक छोटा बोनस समझना चाहिए. अगर बिल समय पर नहीं चुकाया गया, तो ब्याज का खर्च इन फायदों से कहीं ज्यादा हो सकता है.
क्या करना चाहिए?
एक्सपर्ट के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड से स्कूल फीस भरना गलत नहीं है, लेकिन तभी जब आपको पूरा भरोसा हो कि आप इंटरेस्ट-फ्री पीरियड के भीतर पूरा बिल चुका देंगे. अगर ऐसा संभव है, तो आपको थोड़ी फ्लेक्सिबिलिटी और कुछ रिवॉर्ड भी मिल सकते हैं. लेकिन अगर रीपेमेंट आगे टलने की संभावना है, तो यह सुविधा बाद में भारी खर्च में बदल सकती है.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.