कितनी बचत करनी है, निवेश से पहले किन बातों का ध्यान रखना है और पैसा कहां लगाना है, जैसी बातों का निर्धारण अगर समय रहते कर लिया जाए तो भविष्य के लिए अच्छा खासा पैसा जमा करना मुश्किल काम नहीं है. लेकिन, अगर इनमें स्पष्टता नहीं होगी और आप निवेश टालते रहते हैं या फिर बिना किसी ठोस योजना के केवल ज्यादा रिटर्न के पीछे भागते हैं तो आखिर में मायूसी ही हाथ लगती है.
कितनी बचत करनी चाहिए?
एक सरल और व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाने वाला बजटिंग फॉर्मूला है 50-30-20 नियम. इसके अनुसार आपकी आय को इस तरह बांटना चाहिए-
- 50% ज़रूरतों पर, जैसे किराया, किराना और यूटिलिटी बिल
- 30% इच्छाओं पर, जैसे बाहर खाना, शॉपिंग और यात्रा
- कम से कम 20% बचत और निवेश पर
अगर आपकी मासिक आय 1 लाख रुपये है तो इसका मतलब है कि आपको कम से कम 20,000 रुपये हर महीने बचाने चाहिए. यह कोई बहुत आक्रामक लक्ष्य नहीं है, बल्कि न्यूनतम स्तर है, जितना ज़्यादा बचत करोगे, उतना बेहतर.
बचत हो आपकी प्राथमिकता
मान लीजिए की आप एक 25 वर्षीय सैलरीड प्रोफेशनल हैं और हर महीने 1 लाख रुपये कमाते हैं. अपने खर्च पूरे करने के बाद आप करीब 15,000 रुपये बचा पाते हैं. यह एक अच्छी शुरुआत है, लेकिन बजटिंग नियम के हिसाब से यह 20% के लक्ष्य से कम है. ऐसी स्थिति में आपकी प्राथमिकता बेहतर निवेश विकल्प चुनने की बजाय खर्चों पर नियंत्रण करके धीरे-धीरे बचत बढ़ाने की होनी चाहिए. आपको अपनी मासिक बचत 15,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये करनी चाहिए.
निवेश से पहले पुख्ता करें ‘सुरक्षा’
जैसे गाड़ी चलाने से पहले हम सीट बेल्ट लगाते हैं, वैसे ही निवेश से पहले हमें अपनी वित्तीय सुरक्षा के लिए दो काम जरूर करने चाहिए-
अपना और परिवार का बीमा : भगवान न करे कोई बीमारी आए, लेकिन अगर आती है तो अस्पताल का बिल आपकी सारी जमा-पूंजी खा सकता है. इसलिए एक अच्छा हेल्थ इंश्योरेंस जरूर लें. हेल्थ इंश्योरेंस बेहद ज़रूरी है. 25 साल के व्यक्ति के लिए 10 लाख रुपये का बेसिक हेल्थ कवर आमतौर पर 800 से 1,000 रुपये महीने में मिल जाता है और यह अचानक आने वाले बड़े मेडिकल खर्चों से सुरक्षा देता है. लाइफ इंश्योरेंस आपकी व्यक्तिगत स्थिति पर निर्भर करता है. अगर आप पर आर्थिक रूप से निर्भर लोग हैं, तो टर्म प्लान लेना समझदारी है. सामान्य नियम के तौर पर, जीवन बीमा कवर आपकी वार्षिक आय का लगभग 15 गुना होना चाहिए.
इमरजेंसी फंड (Emergency Fund): विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि तीन से छह महीने के ज़रूरी खर्च के बराबर रकम अलग रखी जाए. अगर किसी के मासिक ज़रूरी खर्च करीब 50,000 रुपये हैं, तो यह रकम लगभग 1.5 लाख रुपये बनती है. इसे एक साथ बनाने की ज़रूरत नहीं है. उदाहरण के लिए, हर महीने 6,000 रुपये अलग रखकर दो साल में यह फंड बनाया जा सकता है, और बोनस मिलने पर प्रक्रिया और तेज़ हो सकती है. आप मुसीबत के समय (जैसे नौकरी जाना) तुरंत निकाल सकें. इसे किसी सेविंग अकाउंट या एफडी (FD) में रख सकते हैं.
स्पष्ट टारगेट के साथ लगाएं पैसा
निवेश शुरू करने से पहले अपने लक्ष्य और समयसीमा तय करना बहुत ज़रूरी है. अलग-अलग लक्ष्यों के लिए अलग रणनीति होती है. एक बार लक्ष्य तय हो जाए तो कितनी रकम निवेश करनी है, कहां लगानी है और कितने समय के लिए, ये सब अपने-आप स्पष्ट हो जाता है. इसलिए पहले लक्ष्य तय करें और फिर उसी के अनुसार निवेश की योजना बनाएं.
पहली बार निवेश करने वाला व्यक्ति पैसा कहां लगाए?
इसका कोई एक सही जवाब नहीं हो सकता क्योंकि यह जोखिम लेने की क्षमता और निवेश अवधि पर निर्भर करता है. हालांकि, शुरुआती निवेशकों के लिए सीधे शेयरों में निवेश जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे में म्यूचुअल फंड एक बेहतर विकल्प होते हैं, क्योंकि इनमें डाइवर्सिफिकेशन मिलता है और पैसों का प्रबंधन अनुभवी फंड मैनेजर द्वारा किया जाता है. म्यूचुअल फंड में आप लार्जकैप, मिडकैप, फ्लेक्सीकैप और स्मॉलकैप जैसी कैटेगरी चुन सकते हैं, लेकिन यह समझना ज़रूरी है कि अलग-अलग कैटेगरी ने समय के साथ अलग-अलग रिटर्न दिए हैं.
पिछले पांच वर्षों के आंकड़े देखें तो अंतर साफ दिखता है. स्मॉलकैप फंड्स ने 21% से ज़्यादा रिटर्न दिए, जबकि लार्जकैप फंड्स का औसत रिटर्न करीब 13.70% रहा. जाहिर है, ज्यादा रिटर्न से समय के साथ बड़ा फंड बन सकता है. उदाहरण के लिए, अगर लार्जकैप फंड में 13.63% के औसत रिटर्न पर हर महीने 20,000 रुपये की SIP की जाए, तो पांच साल में यह रकम करीब 17.26 लाख रुपये हो जाएगी. वहीं, स्मॉलकैप फंड में 21.09% के औसत रिटर्न पर यही SIP पांच साल में 21 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है. लेकिन केवल ऊंचे रिटर्न देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए, क्योंकि कहानी यहीं खत्म नहीं होती.
ज्यादा रिटर्न, ज्यादा जोखिम
ज्यादा रिटर्न के साथ ज्यादा जोखिम भी आता है. स्मॉलकैप फंड्स तेजी के बाजार में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन ये सबसे ज्यादा उतार-चढ़ाव वाले भी होते हैं. बाजार गिरने पर मिड और स्मॉलकैप फंड्स में तेज़ गिरावट आती है. नए निवेशकों के लिए यह किसी झटके से कम नहीं होता.
नए इन्वेस्टर्स के लिए कौन सा मयूचुअल फंड सही?
नए निवेशक के लिए सरल और संतुलित फंड कैटेगरी ज़्यादा उपयुक्त होती हैं जैसे लार्जकैप इंडेक्स फंड. ये भारत की टॉप 100 कंपनियों जैसे HDFC, रिलायंस और इंफोसिस को ट्रैक करते हैं. इन फंड्स में उतार-चढाव कम होता है और इनकी लागत भी कम होती है. अगर आप कम जोखिम और कुछ स्थिरता के साथ इक्विटी में निवेश करना चाहते हैं तो ये उपयुक्त हैं. पिछले पांच साल में इनका SIP रिटर्न 13.63% रहा है.
₹20,000 की मासिक SIP: 5 साल में अलग-अलग फंड कैटेगरी का रिटर्न
| फंड कैटेगरी | सालाना रिटर्न (%) | 5 साल में SIP की वैल्यू |
| लार्जकैप फंड्स | 13.63% | ₹17.26 लाख |
| लार्ज & मिडकैप फंड्स | 16.55% | ₹18.74 लाख |
| फ्लेक्सीकैप फंड्स | 14.44% | ₹17.66 लाख |
| मिडकैप फंड्स | 19.85% | ₹20.60 लाख |
| स्मॉलकैप फंड्स | 21.09% | ₹21.36 लाख |
नोट : आंकड़े 15 जनवरी 2026 तक के हैं.
डायनामिक एसेट एलोकेशन फंड्स भी नए निवेशक के लिए अच्छा निवेश विकल्प है. ये हाइब्रिड फंड्स हैं, जो बाजार की स्थिति के अनुसार इक्विटी और डेट के बीच निवेश बदलते रहते हैं. ये उन शुरुआती निवेशकों के लिए अच्छे हैं, जो ज्यादा उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं, लेकिन रिटर्न अच्छा खासा चाहते. पिछले पांच साल में इनका SIP रिटर्न 10.35% रहा है.
लार्ज एंड मिडकैप फंड्स
जैसा कि नाम से स्पष्ट है, इनमें लार्जकैप की स्थिरता और मिडकैप की ग्रोथ क्षमता दोनों मिलती हैं. पिछले पांच साल में इनका SIP रिटर्न 16.55% रहा है. अगर आप थोड़े जोखिम के साथ बेहतर ग्रोथ चाहते हैं तो ये फंड उपयुक्त हो सकते हैं.
फ्लेक्सीकैप फंड्स
जो निवेशक थोड़ा ज्यादा जोखिम लेने को तैयार हैं, उनके लिए फ्लेक्सीकैप फंड्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं. ये फंड मैनेजर के विवेक से लार्ज, मिड और स्मॉलकैप शेयरों में निवेश करते हैं, जिससे जोखिम और रिटर्न के बीच संतुलन बनता है. पिछले पांच साल में इनका SIP रिटर्न करीब 14.44% रहा है.
जल्दी शुरुआत करें निवेश
जल्दी शुरुआत करना भी उतना ही जरूरी है. भले ही हर महीने की रकम कम हो, लेकिन नियमित निवेश और कंपाउंडिंग के जरिए समय के साथ यह बड़ी रकम में बदल सकती है. बेहतर सैलरी का इंतजार करने का मतलब है निवेश के शुरुआती और सबसे महत्वपूर्ण वर्षों को गंवा देना.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.