फ्रेंच सुपरकार ब्रांड बुगाटी (Bugatti) अब कारों से आगे बढ़कर रियल एस्टेट की दुनिया में उतर गया है. कंपनी दुबई में 43 मंजिला लग्जरी रेजिडेंशियल टावर बना रही है जहां सबसे सस्ता फ्लैट भी करीब 43 करोड़ रुपये का है. यह प्रोजेक्ट दिखाता है कि लग्जरी ब्रांड अब प्रोडक्ट नहीं बल्कि पूरा लाइफस्टाइल बेच रहे हैं.
बुगाटी (Bugatti) दुबई में 43 मंजिला रेजिडेंशियल टावर बना रही है. इसमें पूरी तरह फर्निश्ड लग्जरी अपार्टमेंट होंगे. हर जगह ब्रांड की डिजाइन लैंग्वेज और लोगो दिखाई देगा. इस टावर का सबसे सस्ता अपार्टमेंट करीब 5.2 मिलियन डॉलर का है. भारतीय करेंसी में यह लगभग 43 करोड़ रुपये बैठता है. यानी यहां एक फ्लैट की कीमत में भारत में कई लग्जरी बंगले खरीदे जा सकते हैं.
कार सीधे घर के अंदर पार्क करने की सुविधा
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात पेंटहाउस अपार्टमेंट है. इन घरों में प्राइवेट लिफ्ट दी जाएगी. मालिक अपनी बुगाटी कार को लिफ्ट में रखकर सीधे अपने अपार्टमेंट के अंदर ले जा सकेगा. डेवलपर बिनघाटी प्रॉपर्टीज (Binghatti Properties) के चेयरमैन मुहम्मद बिनघाटी (Muhammed BinGhatti) के मुताबिक कार और वॉच लवर्स के लिए यह सिर्फ घर नहीं बल्कि ब्रांड को रोज जीने का तरीका है.
ब्रांडेड रेजिडेंस का तेजी से बढ़ता ट्रेंड
बुगाटी अकेली नहीं है. पोर्शे (Porsche), एस्टन मार्टिन (Aston Martin), फेंडी (Fendi), मिसोनी (Missoni) और जैकब एंड कंपनी (Jacob and Co) जैसे ब्रांड भी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स बना रहे हैं. नाइट फ्रैंक (Knight Frank) की रिपोर्ट के अनुसार 2011 में दुनिया में 169 ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट्स थे. अब यह संख्या 600 से ज्यादा हो चुकी है. अनुमान है कि 2030 तक यह आंकड़ा 1000 से ऊपर पहुंच जाएगा.
दुबई क्यों बन रहा है सुपर रिच का पसंदीदा शहर
दुबई में टैक्स कम है और ग्लोबल अमीर लोग यहां तेजी से शिफ्ट हो रहे हैं. न्यूयॉर्क और लंदन जैसे शहरों के मुकाबले दुबई में लग्जरी प्रॉपर्टी सस्ती भी मानी जाती है. यही वजह है कि सबसे ज्यादा ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट्स दुबई में बन रहे हैं. फेमस फुटबॉलर नेमार जूनियर (Neymar Jr.) और ओपेरा सिंगर आंद्रेया बोचेली (Andrea Bocelli) जैसे नाम भी ऐसे प्रोजेक्ट्स में घर खरीद चुके हैं.
स्टेटस सिंबल बनते नए जमाने के घर
किंग्स कॉलेज लंदन (Kings College London) की एक्सपर्ट जियाना एकहार्ड्ट (Giana Eckhardt) कहती हैं कि अल्ट्रा रिच लोग ऐसे एसेट चाहते हैं जो हर किसी के पास न हों. ये घर उनकी सोशल स्टेटस और एक्सक्लूसिविटी दिखाते हैं. बिजनेस साइकोलॉजिस्ट स्टुअर्ट डफ (Stuart Duff) मानते हैं कि ज्यादा ब्रांडिंग कभी कभी शो ऑफ जैसी भी लग सकती है. लेकिन सुपर रिच ग्राहकों के लिए यही खास बात होती है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.