भारतीय रेलवे ने अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा लागू करने का फैसला किया है. रेलवे बोर्ड ने इसका आदेश जारी कर दिया है, जिससे अचानक यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट मिलने में राहत मिलेगी. यह कोटा अलग अलग क्लास और कोच के हिसाब से तय किया गया है और जरूरत के मुताबिक इसमें बदलाव भी किया जा सकेगा.
अब तक इन ट्रेनों में महिला कोटा, दिव्यांग कोटा, सीनियर सिटीजन कोटा और ड्यूटी पास कोटा ही लागू था. लेकिन अब खास परिस्थितियों में यात्रियों के लिए अलग से इमरजेंसी कोटा रखा जाएगा, जिसे जरूरत के हिसाब से एडजस्ट भी किया जा सकेगा. बता दें कि इमरजेंसी कोटा के तहत सीटें कुछ खास लोगों या उनके द्वारा सिफारिश प्राप्त यात्रियों को ही मिलती हैं.
अमृत भारत ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा
रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक, जिन अमृत भारत ट्रेनों में 7 या उससे ज्यादा स्लीपर कोच हैं, वहां कुल 24 बर्थ का इमरजेंसी कोटा तय किया गया है. इसका मकसद यह है कि अचानक यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट मिलने में आसानी हो सके.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में क्लास के हिसाब से कोटा
वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में अलग अलग क्लास के लिए इमरजेंसी कोटा तय किया गया है. फर्स्ट एसी में वीकडे पर 4 बर्थ और वीकेंड पर 6 बर्थ का कोटा होगा. सेकंड एसी में वीकडे पर 20 बर्थ और वीकेंड पर 30 बर्थ तय किए गए हैं. वहीं थर्ड एसी में वीकडे पर 24 बर्थ और वीकेंड पर 42 बर्थ का इमरजेंसी कोटा रखा जाएगा.
कब से लागू होगा नया नियम
रेलवे के अनुसार, यह इमरजेंसी कोटा एडवांस रिजर्वेशन पीरियड या नो बुकिंग डेट, जो पहले हो, उससे लागू किया जाएगा. यानी सिस्टम में टिकट खुलते ही इस कोटे के तहत सीटें रिजर्व रखी जाएंगी.
क्यों अहम है रेलवे का यह फैसला
इस फैसले से अचानक यात्रा करनी पड़े तो यात्रियों को टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ेगी. खास जरूरत वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और डिमांड के हिसाब से रेलवे कोटा में बदलाव भी कर सकेगा. रेलवे बोर्ड ने कहा है कि जोनल रेलवे सीटों की उपलब्धता और जरूरत के हिसाब से इमरजेंसी कोटा को एडजस्ट कर सकते हैं.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.