भारत में लॉन्च होने जा रही वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन सफर से पहले ही सुर्खियों में आ गई है. इस बार चर्चा इसकी रफ्तार या सुविधाओं की नहीं, बल्कि यात्रियों की सफाई और टॉयलेट इस्तेमाल की आदतों को लेकर है. रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के बयान ने ट्रेन में सफाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर से पहले सीखिए टॉयलेट सेंस, रेलवे अधिकारी की चेतावनी से छिड़ी बहस. (Image:News18)
नई दिल्ली. भारत में 17 जनवरी से शुरू होने जा रही वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन लॉन्च से पहले ही चर्चा का विषय बन गई है. इस बार वजह ट्रेन की स्पीड या सुविधाएं नहीं, बल्कि सफाई और यात्रियों की जिम्मेदारी को लेकर रेलवे अधिकारी का बयान है. एक वरिष्ठ रेलवे अफसर ने यात्रियों से अपील की है कि अगर उन्हें टॉयलेट इस्तेमाल करने के तरीके नहीं आते, तो वे इस ट्रेन में सफर न करें.
टॉयलेट मैनर्स को लेकर रेलवे अधिकारी की दो टूक भारतीय रेलवे में चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर अनंत रूपनगुडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में वही लोग यात्रा करें, जिन्हें टॉयलेट इस्तेमाल करने की समझ हो और जो सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान करना जानते हों. उनका यह पोस्ट देखते ही देखते 80 हजार से ज्यादा बार देखा गया और इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं.