17 जनवरी से पहली सेवा की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को पहली वंदे भारत स्लीपर सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे. यह ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी, जो करीब 600 से 900 किलोमीटर की लंबी दूरी को कवर करती है. रेलवे अधिकारियों और ट्रैवल इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि यह रूट इस सेवा के लिए काफी उपयुक्त है, क्योंकि यहां यात्रियों को आमतौर पर रात में रुकने की जरूरत पड़ती है.
होटल खर्च से हजारों की राहत
भारत के बड़े शहरों में मिड-रेंज होटल का एक रात का किराया 2,500 से 5,000 रुपये तक होता है, जबकि अच्छे होटलों में यह और भी ज्यादा हो जाता है. वंदे भारत स्लीपर में यात्रा करने पर यात्री रात होटल में बिताने के बजाय ट्रेन में आराम से सो सकते हैं. ट्रैवल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक ही यात्रा में परिवारों, छात्रों और बिजनेस ट्रैवलर्स को हजारों रुपये की सीधी बचत हो सकती है.
प्रीमियम सुविधा, सिर्फ कन्फर्म बर्थ
वंदे भारत स्लीपर को प्रीमियम ओवरनाइट ट्रेन के रूप में डिजाइन किया गया है. इसमें सिर्फ एसी कोच होंगे और सभी यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलेगी. इस ट्रेन में न तो RAC होगा और न ही वेटिंग टिकट. इससे यात्रियों को पारंपरिक स्लीपर ट्रेनों की तुलना में ज्यादा आराम और निश्चित यात्रा का भरोसा मिलेगा, जो खासकर लंबी दूरी के सफर में अहम होता है.
किराया थोड़ा ज्यादा, फायदा उससे कहीं अधिक
हालांकि इस ट्रेन का किराया कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों से ज्यादा हो सकता है, लेकिन होटल खर्च जोड़ने पर कुल मिलाकर यह सफर सस्ता साबित हो सकता है. 400 किलोमीटर तक एसी-1 का किराया 1,520 रुपये, एसी-2 का 1,240 रुपये और एसी-3 का 960 रुपये तय किया गया है. 400 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया लिया जाएगा. रेलवे बोर्ड के अनुसार, जीएसटी अलग से लगेगा और न्यूनतम चार्जेबल दूरी 400 किलोमीटर होगी.
सीमित कोटा और खास बर्थ व्यवस्था
रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन में सीमित आरक्षण कोटा रखने का फैसला किया है. इसमें सिर्फ लेडीज कोटा, दिव्यांगजन, सीनियर सिटीजन और ड्यूटी पास कोटा ही लागू होगा. बर्थ आवंटन में बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी. सिस्टम कोशिश करेगा कि 60 साल से अधिक उम्र के पुरुष और 45 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को निचली बर्थ मिले, ताकि यात्रा और आरामदायक हो सके.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.