नेटवेब टेक्नोलॉजीज़ (Netweb Technologies) के शेयर 18 फरवरी को करीब 11% तक उछल गए. कंपनी ने मेक इन इंडिया के तहत एनवीडिया (NVIDIA) की तकनीक से लैस नया एआई सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम पेश किया है. स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में कंपनी ने बताया कि उसने टायरॉन कैमरेरो जीबी200 सिस्टम (Tyrone Camarero GB200 System) और टायरॉन कैमरेरो स्पार्क (Tyrone Camarero Spark) नाम से दो उन्नत एआई सिस्टम लॉन्च किए हैं.
फिजिकल AI एप्लिकेशन में हेल्प करेगा ये सिस्टम
कंपनी का कहना है कि टायरॉन कैमरेरो स्पार्क (Tyrone Camarero Spark) दुनिया के सबसे छोटे एआई सुपरकंप्यूटरों में से एक है, जो डेस्कटॉप आकार में एनवीडिया (NVIDIA) की पूरी एआई तकनीक उपलब्ध कराता है. इसमें एनवीडिया ब्लैकवेल जीपीयू (NVIDIA Blackwell GPU), एनवीडिया ग्रेस सीपीयू (NVIDIA Grace CPU), एनवीडिया नेटवर्किंग (NVIDIA Networking), क्यूडा-एक्स लाइब्रेरी (CUDA-X libraries) और एनवीडिया एआई सॉफ्टवेयर स्टैक (NVIDIA AI software stack) शामिल हैं. यह सिस्टम भारत के लाखों एआई डेवलपर्स को एजेंटिक और फिजिकल एआई एप्लिकेशन विकसित करने में मदद करेगा.
यह डेस्कटॉप आधारित सिस्टम एक पेटाफ्लॉप की एआई क्षमता और 128GB यूनिफाइड मेमोरी के साथ आता है. डेवलपर्स इसके जरिए 200 अरब पैरामीटर तक के एआई मॉडल पर इनफेरेंस चला सकते हैं और 70 अरब पैरामीटर तक के मॉडल को लोकल स्तर पर फाइन-ट्यून कर सकते हैं. साथ ही, ऑन-प्रेमिस सिस्टम पर एडवांस्ड एआई एजेंट तैयार किए जा सकते हैं.
मेक इन इंडिया मिशन के लिए गर्व का क्षण
नेटवेब टेक्नोलॉजीज़ इंडिया लिमिटेड (Netweb Technologies India Ltd) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय लोढ़ा (Sanjay Lodha) ने कहा कि एनवीडिया डीजीएक्स स्पार्क (NVIDIA DGX Spark) पर आधारित और एनवीडिया जीबी10 ग्रेस ब्लैकवेल सुपरचिप (NVIDIA GB10 Grace Blackwell Superchip) से संचालित टायरॉन कैमरेरो स्पार्क (Tyrone Camarero Spark), जिसे भारत में तैयार किया गया है, मेक इन इंडिया मिशन के लिए गर्व का क्षण है.
उन्होंने बताया कि यह सिस्टम सिर्फ 240 वॉट बिजली पर 1 पेटाफ्लॉप की क्षमता देता है, जबकि 2016 में समान मेमोरी के साथ इससे कम क्षमता के लिए लगभग 3200 वॉट बिजली की जरूरत पड़ती थी. उनके अनुसार, यह उपलब्धि भारत में एआई शोध और विकास के तरीके को बदल सकती है और एनवीडिया (NVIDIA) के साथ मिलकर एक नया ग्राहक वर्ग तैयार किया गया है. पिछले सात दिनों में कंपनी का शेयर 8 प्रतिशथ से अधिक उछले हैं.
E2E नेटवर्क्स को एनवीडिया का साथ, 20% भागा शेयर
ई2ई नेटवर्क्स के शेयरों में 18 फरवरी को करीब 20% तक की तेजी दर्ज की गई. एनवीडिया के वरिष्ठ अधिकारी जय पुरी (Jay Puri) ने बताया कि ई2ई नेटवर्क्स अपने टीआईआर प्लेटफॉर्म पर एनवीडिया ब्लैकवेल जीपीयू क्लस्टर (NVIDIA Blackwell GPU cluster) तैयार कर रही है. यह क्लस्टर चेन्नई स्थित एलएंडटी व्योमा डेटा सेंटर (L&T Vyoma Data Center) में होस्ट किया जाएगा.
टीआईआर क्लाउड कंप्यूट प्लेटफॉर्म में एनवीडिया एचजीएक्स बी200 सिस्टम (NVIDIA HGX B200 systems), एनवीडिया एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर (NVIDIA Enterprise software) और एनवीडिया नेमोट्रॉन ओपन मॉडल (NVIDIA Nemotron open models) शामिल होंगे. इस इन्फ्रास्ट्रक्चर का मकसद हेल्थकेयर, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग और कृषि जैसे क्षेत्रों में स्वदेशी एआई विकास को गति देना है. निवेशकों को उम्मीद है कि इस साझेदारी से कंपनी की दीर्घकालिक विकास संभावनाएं मजबूत होंगी.
ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस को बड़ा ऑर्डर
ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस (Aurionpro Solutions) के शेयर भी 5% से ज्यादा चढ़े. कंपनी ने बताया कि उसे एक प्रतिष्ठित वैश्विक डेटा सेंटर डेवलपर और ऑपरेटर से बड़ा ऑर्डर मिला है. यह प्रोजेक्ट मुंबई में एक ब्राउनफील्ड डेटा सेंटर सुविधा के डिजाइन और निर्माण से जुड़ा है और अगले तीन तिमाहियों में पूरा किया जाएगा.
कंपनी ने कहा कि यह रणनीतिक समझौता उसकी इंजीनियरिंग, डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और कमिशनिंग क्षमताओं पर भरोसे को दर्शाता है. ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस (Aurionpro Solutions) के एंटरप्राइज बिजनेस प्रमुख भास्कर भट्टाचार्य (Bhaskar Bhattacharya) ने कहा कि यह सफलता दिखाती है कि वैश्विक स्तर की कंपनियां अब भी उन साझेदारों को प्राथमिकता दे रही हैं जो चालू संचालन वाले वातावरण में महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर को सफलतापूर्वक पूरा कर सकें. उन्होंने यह भी कहा कि भारत का डेटा सेंटर बाजार एआई वर्कलोड, हाइपरस्केलर विस्तार और सरकारी नीतिगत समर्थन के चलते एक अहम मोड़ पर खड़ा है.
एआई को लेकर बढ़ते उत्साह के बीच अनंत राज (Anant Raj) और ओरिएंट टेक्नोलॉजीज़ (Orient Technologies) के शेयरों में भी 8% तक की बढ़त देखी गई. डेटा सेंटर को बिजली आपूर्ति करने वाली कंपनियों, जैसे कि कमिंस इंडिया (Cummins India) और हिताची एनर्जी (Hitachi Energy), के शेयर भी क्रमशः लगभग 3.75% और 2% तक चढ़े.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.