कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी से भारत के फूड सर्विस सेक्टर पर बड़ा असर पड़ रहा है और इसका असर शेयर बाजार में भी दिखाई दे रहा है. कई QSR, रेस्टोरेंट चेन और फूड डिलीवरी कंपनियों के शेयर दबाव में हैं. बेंगलुरु, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में रेस्टोरेंट्स और होटलों को गैस की कमी से परेशानी हो रही है. नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के मुताबिक रेस्टोरेंट्स के पास सिर्फ एक हफ्ते का कमर्शियल एलपीजी स्टॉक बचा है.
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने चेतावनी दी है कि रेस्टोरेंट्स के पास अब सिर्फ एक हफ्ते का कमर्शियल एलपीजी स्टॉक बचा है. अगर यह कमी लंबी चली तो बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट्स बंद हो सकते हैं या मेन्यू में काफी कटौती करनी पड़ सकती है. सीएनबीसी के मुताबिक, NRAI ने इसे “विनाशकारी बंदी” जैसी स्थिति बताया है और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है. बेंगलुरु के होटल एसोसिएशंस ने तो होटल्स बंद करने तक की धमकी दी है. इससे फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स स्विगी और एटर्नल (जोमैटो) पर भी बुरा असर पड़ेगा, क्योंकि रेस्टोरेंट्स बंद या कम काम करने से ऑर्डर की संख्या और डिलीवरी एक्टिविटी घट जाएगी.
अमेरिका और कनाडा से एलपीजी मंगवाने की तैयारी
यह समस्या 5 मार्च को सरकार के एक आदेश से शुरू हुई, जिसमें घरेलू (घरेलू यूज) एलपीजी सप्लाई को प्राथमिकता देने को कहा गया. इस आदेश की वजह से डिस्ट्रीब्यूटर्स में भ्रम पैदा हुआ और कई सप्लायर्स ने कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी रोक दी. बेंगलुरु में 9 मार्च से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई, जबकि पहले तेल कंपनियों ने 70 दिनों तक कोई रुकावट नहीं होने का आश्वासन दिया था. फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (FHRAI) ने कहा कि आदेश की भाषा अस्पष्ट होने से यह हालात बने.
सरकार अब स्थिति सुधारने की कोशिश कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका और कनाडा से अतिरिक्त एलपीजी मंगवाने की तैयारी है. फिलहाल फ्यूल पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही है. पेट्रोलियम मिनिस्ट्री ने रेस्टोरेंट्स और ऑटो सेक्टर की जरूरतों का आकलन करने के लिए एक पैनल बनाया है, ताकि इन क्षेत्रों को कुछ सप्लाई मिल सके. घरेलू CNG को प्राथमिकता मिलेगी, लेकिन कमर्शियल यूज पर असर कम करने की कोशिश है.
किन स्टॉक्स में आई गिरावट?
शेयर बाजार में कमर्शियल एलपीजी की किल्लत से जिन स्टॉक्स को जोरदार झटका लगा है वह Jubilant FoodWorks में -0.98% की गिरावट देखने को मिली है. Devyani International Ltd 0.09% लुढ़क गए हैं. Eternal में 1 फीसदी की गिरावट आई है. इसके अलावा वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड और कुछ अन्य फूड सेक्टर से जुड़े स्टॉक्स की गिरावट देखी जा रही है. जबकि कुल बाजार में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पश्चिम एशिया युद्ध जल्द खत्म होने के संकेतों से तेजी आई थी. अगर रेस्टोरेंट्स की सप्लाई जल्द ठीक नहीं हुई तो ऑपरेशंस में 30-60 दिन तक रुकावट रह सकती है, जिससे कीमतें बढ़ सकती हैं या सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. रेस्टोरेंट्स और फूड डिलीवरी पर असर से आम लोगों के खाने-पीने की सुविधा प्रभावित हो सकती है. इंडस्ट्री ने सरकार से तुरंत कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बहाल करने की अपील की है ताकि लाखों लोगों की नौकरियां और बिजनेस बच सकें.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.