आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स के 2,834 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों का अच्छा समर्थन मिला है. बुधवार को सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन यह आईपीओ कुल 2.66 गुना सब्सक्राइब होकर बंद हुआ, जिसमें संस्थागत खरीदारों (QIB) ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई.
कंपनी ने आईपीओ खुलने से पहले ही एंकर निवेशकों के जरिए 1,248.26 करोड़ रुपये जुटा लिए थे, जिससे इसे शुरुआती मजबूती मिली. फ्रैक्टल एनालिटिक्स मुख्य रूप से डेटा एनालिटिक्स और एआई समाधान प्रदान करने का काम करती है और इसके क्लाइंट्स दुनिया की फॉर्च्यून 500 कंपनियों में शामिल हैं.
किस कैटेगरी में कितना मिला रिस्पांस?
आईपीओ के आखिरी दिन संस्थागत खरीदारों (QIB) का हिस्सा 4.18 गुना भरा गया, जो दर्शाता है कि बड़े फंड हाउस कंपनी के बिजनेस मॉडल को लेकर उत्साहित हैं. वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की श्रेणी में 1.06 गुना और आम जनता यानी खुदरा निवेशकों (Retail) के हिस्से में 1.03 गुना बोलियां प्राप्त हुईं. कुल मिलाकर 1.85 करोड़ शेयरों के मुकाबले करीब 4.94 करोड़ शेयरों के लिए आवेदन आए.
क्या करती है कंपनी और क्यों आया आईपीओ?
फ्रैक्टल एनालिटिक्स साल 2000 में शुरू हुई थी और आज यह ग्लोबल स्तर पर काम करती है. कंपनी हेल्थकेयर, रिटेल और फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में कंपनियों को डेटा के जरिए बेहतर फैसले लेने में मदद करती है. इस आईपीओ के जरिए कंपनी जो पैसा जुटा रही है, उसका बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने और भविष्य में नए विस्तार और अधिग्रहण (Acquisitions) के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
आईपीओ के बाद अगला कदम क्या?
अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट (Allotment) पर है. जिन लोगों ने बोली लगाई है, उन्हें अगले कुछ दिनों में पता चलेगा कि उन्हें शेयर मिले हैं या नहीं. शेयरों की लिस्टिंग बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों पर होगी. बाजार के जानकारों का मानना है कि एआई सेक्टर की मांग को देखते हुए इस शेयर की लिस्टिंग पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी.
(भाषा के इनपुट के साथ)
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.