भारत के पहले यूनिकॉर्न स्टार्टअप इनमोबी (InMobi) ने शेयर बाजार में उतरने की दिशा में तेज रफ्तार पकड़ ली है. कंपनी 50 करोड़ डॉलर से ज्यादा के IPO की योजना पर काम कर रही है और इसके लिए देश और दुनिया के बड़े इनवेस्टमेंट बैंकों से बातचीत एडवांस्ड स्टेज में पहुंच चुकी है. खबरों के मुताबिक इनमोबी 4 अरब से 5 अरब डॉलर के वैल्यूएशन को लक्ष्य बनाकर चल रही है.
पिच प्रोसेस पूरा होने के बाद अब कंपनी इन बैंकों के साथ बातचीत के एडवांस्ड स्टेज में पहुंच चुकी है. जिन बैंकों से चर्चा चल रही है उनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल (Kotak Mahindra Capital), एक्सिस कैपिटल (Axis Capital), जेफरीज (Jefferies), जेपी मॉर्गन (JP Morgan), मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal), IIFL कैपिटल (IIFL Capital), बीओएफए सिक्योरिटीज (BofA Securities) और यूबीएस (UBS) शामिल हैं. जरूरत पड़ने पर इस लिस्ट में और बैंकों के नाम भी जोड़े जा सकते हैं.
4 से 5 अरब डॉलर के वैल्यूएशन का लक्ष्य
बाजार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इनमोबी IPO के जरिए 4 अरब डॉलर से 5 अरब डॉलर के बीच का वैल्यूएशन टारगेट कर रही है. गौरतलब है कि साल 2011 में इनमोबी को यूनिकॉर्न का दर्जा मिला था, जब इसकी वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गई थी. यह भारत के स्टार्टअप इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर माना जाता है.
सिंगापुर से भारत में शिफ्ट हो रहा बेस
इनमोबी की लिस्टिंग योजनाओं से वाकिफ एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि कंपनी IPO से पहले एक प्री IPO राउंड भी कर सकती है. इसके साथ ही इनमोबी अपना बेस सिंगापुर से भारत में शिफ्ट करने की प्रक्रिया में है. इससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर गंभीर है. सॉफ्टबैंक (SoftBank) से बायबैक के बाद अब कंपनी में फाउंडर्स के पास मेजॉरिटी हिस्सेदारी है.
हालांकि सूत्रों ने यह भी साफ किया कि यह IPO प्रक्रिया के शुरुआती दिन हैं और अभी तक इश्यू साइज और वैल्यूएशन को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. बाजार की स्थितियों और निवेशकों की दिलचस्पी के आधार पर इनमें बदलाव संभव है. सॉफ्टबैंक के अलावा इनमोबी को शेरपालो वेंचर्स (Sherpalo Ventures) और क्लेनर पर्किंस (Kleiner Perkins) जैसे बड़े ग्लोबल इनवेस्टर्स का भी समर्थन हासिल है.
इनमोबी का बिजनेस मॉडल क्या है
इनमोबी की शुरुआत साल 2007 में हुई थी. यह एक ग्लोबल कंज्यूमर टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो कंज्यूमर फोकस्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म और एंड टू एंड मोबाइल एडवरटाइजिंग सॉल्यूशंस के जरिए ग्रोथ को बढ़ावा देती है. कंपनी अपने बिजनेस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करती है.
कंपनी की टॉप लीडरशिप के बारे में
कंपनी की लीडरशिप टीम में नवीन तिवारी (Naveen Tiwari) फाउंडर और CEO हैं. अभय सिंघल (Abhay Singhal) को फाउंडर और इनमोबी एडवरटाइजिंग का CEO बनाया गया है. मोहित सक्सेना (Mohit Saxena) फाउंडर और CTO हैं, जबकि पीयूष शाह (Piyush Shah) फाउंडर और ग्लांस (Glance) के प्रेसिडेंट हैं. सितंबर 2024 में इनमोबी ने मार्स ग्रोथ कैपिटल (MARS Growth Capital) के साथ 10 करोड़ डॉलर का डेट फाइनेंसिंग एग्रीमेंट भी पूरा किया था. यानी कंपनी ने शेयर बेचने के बजाय कर्ज के जरिए फंड जुटाया. अब IPO की तैयारी के साथ इनमोबी एक बार फिर भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम की सबसे बड़ी खबरों में शामिल हो गई है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.