अमेरिका-इज़राइल-ईरान युद्ध से शेयर बाजार में हड़कंप है. सेंसेक्स आज 1,000 अंक लुढ़क गया है. लेकिन खास बात यह ह कि डिफेंस स्टॉक्स में आज 15% तक का उछाल आया है. जानिए, क्यों निवेशक रक्षा शेयरों पर लगा रहे हैं जमकर दांव…
विश्लेषकों को कहना है कि नए निवेशकों को गिरावट का इंतजार करना चाहिए.
आज आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी (Ideaforge Technology Ltd) के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दिखी है और यह शेयर समाचार लिखे जाने तक 14.77% की भारी बढ़त के साथ 472.60 रुपये के स्तर पर जा पहुंचा था. ड्रोन बनाने वाली इस कंपनी के प्रति निवेशकों का उत्साह सातवें आसमान पर है. इसके अलावा पारस डिफेंस (Paras Defence) शेयर में 11.18% की तेजी आई है और यह 709.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
इन शेयरों में भी आई जोरदार तेजी
डेटा पैटर्न्स (Data Patterns) शेयर 4.28% चढ़कर 3,346 रुपये पर पहुंच गया है. भारत डायनेमिक्स (BDL) शेयर भी आज करीब 3.52% उछलकर 1,309.90 रुपये पर पहुंच गया है. जेन टेक्नोलॉजीज (Zen Tech) के शेयर में भी आज जोरदार खरीदारी देखी जा रही है और यह 3.51% की मजबूती के साथ 1,407 रुपये पर कारोबार कर रहा था. एचएएल और बीईएल जैसे पीएसयू दिग्गज भी क्रमश: 1.5% और 3% तक के उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे.
आ सकती है ये दिक्कत भी
एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग (Antique Stock Broking) के अनुसार, बीईएल और बीडीएल जैसी बड़ी डिफेंस पीएसयू कंपनियों की सप्लाई चेन का एक बड़ा हिस्सा इजरायल पर निर्भर है. यदि ईरान और इजरायल के बीच यह तनाव लंबा खिंचता है, तो इन कंपनियों को कच्चे माल और तकनीकी पुर्जों की आपूर्ति में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. विश्लेषकों का कहना है कि वर्तमान उछाल काफी हद तक ‘मार्केट सेंटिमेंट’ पर आधारित है, जिसे युद्ध की खबरों से हवा मिली है.
क्या करें निवेशक
विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को इन रक्षा शेयरों में आक्रामक खरीदारी के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए. यदि कूटनीतिक स्तर पर तनाव कम होने के संकेत मिलते हैं, तो इन शेयरों में 3-6% की मुनाफावसूली तुरंत आ सकती है. इसलिए, मौजूदा निवेशकों को ‘होल्ड’ करने की सलाह दी जाती है, जबकि नए निवेशकों को गिरावट का इंतजार करना चाहिए.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.