राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से प्रायोजित राजमार्ग इंफ्रा इनवेस्टमेंट ट्रस्ट का सार्वजनिक इश्यू 11 मार्च से खुल रहा है. इस इश्यू के जरिए करीब 6000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है और निवेशकों को टोल सड़कों से मिलने वाली नियमित आय में हिस्सा देने का मौका मिलेगा.
यह आईपीओ 13 मार्च को बंद होगा.
इस इश्यू के लिए प्रति यूनिट कीमत 99 से 100 रुपये के बीच तय की गई है. निवेश के लिए यह इश्यू 11 मार्च को खुलेगा और 13 मार्च को बंद हो जाएगा. कंपनी ने 10 मार्च को बड़े संस्थागत निवेशकों से पहले ही करीब 1728 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं. निवेशकों को 18 मार्च को शेयर अलॉट किए जाएंगे. इस ट्रस्ट की यूनिटें शेयर बाजार में सूचीबद्ध होंगी, जिससे बाद में निवेशक उन्हें खरीद और बेच भी सकेंगे.
टोल सड़कों से होगी कमाई
राजमार्ग इंफ्रा इनवेस्टमेंट ट्रस्ट का मकसद देश की चालू टोल सड़क परियोजनाओं को अपने पास रखना और उनसे होने वाली कमाई को निवेशकों में बांटना है. शुरुआत में इस ट्रस्ट के पास पांच सड़क परियोजनाएं होंगी जहां से टोल वसूला जा रहा है. इनकी कुल लंबाई करीब 260 किलोमीटर है. ये सड़कें झारखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों में स्थित हैं. इनमें चेन्नई बाईपास, चेन्नई से ताडा और नेलमंगला से तुमकुर जैसे अहम सड़क मार्ग शामिल हैं.
आगे और सड़कें जुड़ेंगी
इस ट्रस्ट को आगे और बड़ा बनाने की योजना भी है. जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अगले तीन से पांच साल में करीब 1500 किलोमीटर अतिरिक्त चालू सड़कों को इसमें जोड़ने की मंजूरी दी है. अगर ऐसा होता है तो इस ट्रस्ट के पास सड़क संपत्तियों की संख्या बढ़ेगी और कमाई के स्रोत भी ज्यादा हो सकते हैं.
निवेशकों के लिए क्या मायने
बाजार जानकारों के मुताबिक, इस इश्यू की सबसे बड़ी ताकत यह है कि इसके पीछे सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का समर्थन है और इसमें पहले से चालू सड़क परियोजनाएं शामिल हैं. ऐसे प्रोजेक्ट से आम तौर पर नियमित टोल आय आती है जिससे निवेशकों को स्थिर कमाई की उम्मीद रहती है. हालांकि हर निवेश की तरह इसमें भी कुछ जोखिम जुड़े रहते हैं. टोल से होने वाली कमाई ट्रैफिक पर निर्भर करती है और आर्थिक हालात या नियमों में बदलाव का असर भी पड़ सकता है. इसके बावजूद लंबे समय के निवेश की सोच रखने वाले लोगों के लिए सड़क ढांचे से जुड़ा यह एक अलग तरह का विकल्प माना जा रहा है.
(Disclaimer: यहां बताए गया स्टॉक्स सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले एक्सपर्ट से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.