अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की संभावित खबर ने 5 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में अचानक जबरदस्त तेजी ला दी. महज 20 मिनट के भीतर सेंसेक्स करीब 900 अंक उछल गया और 80 हजार के पार पहुंच गया. हालांकि बाद में इस बयान को पुराने परमाणु समझौता वार्ता से जुड़ा बताया गया, जिसके बाद बाजार की तेजी थोड़ी ठंडी पड़ गई. दिन के अंत में सेंसेक्स लगभग 900 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज
5 मार्च को दोपहर करीब 2 बजकर 35 मिनट पर सेंसेक्स करीब 79,369 अंक पर कारोबार कर रहा था. इसी दौरान एक खबर सामने आई कि ईरान अमेरिका के साथ समझौते की शर्त पर अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने के लिए तैयार हो सकता है. यह खबर सामने आते ही बाजार में तेज खरीदारी शुरू हो गई. अगले 20 मिनट में ही सेंसेक्स करीब 900 अंक उछलकर 80,259 तक पहुंच गया. इस तेजी का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखा और वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में भी पहले की गिरावट खत्म हो गई.
बाद में आया स्पष्टीकरण
हालांकि, बाद में ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने स्पष्ट किया कि उप विदेश मंत्री का बयान दरअसल अमेरिका के साथ पहले हुई परमाणु समझौता वार्ता से जुड़ा था. यानी यह बयान मौजूदा युद्ध की स्थिति से सीधे संबंधित नहीं था. स्पष्टीकरण आने के बाद बाजार में थोड़ी मुनाफावसूली भी देखी गई और सेंसेक्स दिन के उच्च स्तर से करीब 300 अंक नीचे आ गया.
युद्ध के बीच आया था बयान
यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया जब पश्चिम एशिया में संघर्ष लगातार बढ़ रहा है. यह टकराव अब छठे दिन में पहुंच चुका है. हाल ही में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ एक संयुक्त सैन्य अभियान चलाया था जिसे ऑपरेशन एपिक फ्यूरी कहा गया. इस अभियान के बाद क्षेत्र में तनाव और ज्यादा बढ़ गया और वैश्विक बाजार भी लगातार भू राजनीतिक खबरों पर नजर बनाए हुए हैं.
आखिर में मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार
दिन के अंत में भारतीय शेयर बाजार मजबूत स्थिति में बंद हुआ. सेंसेक्स 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 24,765.90 के स्तर पर पहुंच गया. बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली. कुल 2,644 शेयरों में तेजी रही जबकि 1,430 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए और 128 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
सोना और चांदी का हाल
कमोडिटी बाजार में सोने की कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली. एमसीएक्स पर सोना 1,61,415 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से करीब 110 रुपये नीचे था. दूसरी ओर चांदी में हल्की तेजी देखी गई. एमसीएक्स चांदी करीब 0.17 प्रतिशत बढ़कर 2,66,001 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.