2026 में एसएमई सेगमेंट के कई आईपीओ निवेशकों को निराश कर रहे हैं. इस साल अब तक लिस्ट हुए करीब 27 एसएमई आईपीओ में से 15 से ज्यादा इश्यू प्राइस से नीचे ट्रेड कर रहे हैं. कमजोर सब्सक्रिप्शन, ऊंची वैल्यूएशन, कमजोर फंडामेंटल और बाजार की अस्थिरता के कारण लिस्टिंग के बाद कई शेयरों में तेज गिरावट आई है, जिससे रिटेल निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है. ऐसे कुछ आईपीओ की बात करें तो Aritas Vinyl का आईपीओ 23 जनवरी को लिस्ट हुआ था और 47 रुपये का इश्यू प्राइस था और अब इसका पर्फार्मेंस 70 फीसदी लुढ़क चुका है. इसके अलावा Yajur Fibres का आईपीओ 14 जनवरी को लिस्ट हुआ था और 132 रुपये इश्यू प्राइस था. ये 67 फीसदी गिर गया है.
Aritas Vinyl का आईपीओ 23 जनवरी 2026 को लिस्ट हुआ था. इसकी इश्यू प्राइस 47 रुपये थी और यह बीएसई एसएमई पर लिस्ट हुआ. कंपनी ने 37.52 करोड़ रुपये जुटाए थे, जिसमें प्राइस बैंड 40 से 47 रुपये था. लॉट साइज 3000 शेयर था और मिनिमम इन्वेस्टमेंट करीब 1.41 लाख रुपये. लेकिन लिस्टिंग के बाद शेयर में भारी गिरावट आई और अब 24 फरवरी 2026 को यह 15.02 रुपये पर ट्रेड कर रहा है, यानी इश्यू प्राइस से करीब 70 फीसदी नीचे है, जिससे निवेशकों को बड़ा झटका लगा है.
लिस्टिंग के बाद शेयरों में तेज गिरावट
यजुर फाइबर्स (Yajur Fibres) का आईपीओ 14 जनवरी 2026 को लिस्ट हुआ था. इश्यू प्राइस 174 रुपये (प्राइस बैंड 168-174) था और कंपनी ने 120.41 करोड़ रुपये जुटाए. यह बीएसई एसएमई पर लिस्ट हुआ और सब्सक्रिप्शन सिर्फ 1.33 गुना रहा. कंपनी बास्ट फाइबर्स जैसे फ्लैक्स, जूट और हेम्प प्रोसेस करती है. लिस्टिंग के बाद शेयर में तेज गिरावट आई और अब यह 56.10 रुपये पर है, यानी 67 फीसदी की गिरावट. निवेशकों का पैसा काफी कम हो गया है.
विक्टरी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (Victroy Electric Vehicles) का आईपीओ भी 14 जनवरी 2026 को एनएसई एसएमई पर लिस्ट हुआ था. इश्यू प्राइस 41 रुपये था और कंपनी ने 34.56 करोड़ रुपये जुटाए. कंपनी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल्स बनाती है. सब्सक्रिप्शन 0.95 गुना रहा. लिस्टिंग के बाद शेयर 55 फीसदी लुढ़क गया और अब काफी नीचे ट्रेड कर रहा है.
55 फीसदी गिरा भाव
आर्मर सिक्योरिटी इंडिया(Armour Security India) का आईपीओ 22 जनवरी 2026 को एनएसई एसएमई पर लिस्ट हुआ था. इश्यू प्राइस 57 रुपये (प्राइस बैंड 55-57) था और कंपनी ने 27 करोड़ रुपये जुटाए. कंपनी सिक्योरिटी सर्विसेज देती है जैसे आर्म्ड गार्डिंग, मैनपावर और फैसिलिटी मैनेजमेंट. सब्सक्रिप्शन 1.82 गुना रहा. लेकिन अब तक शेयर 55 फीसदी गिर चुका है और इश्यू प्राइस से काफी नीचे है.
कनिष्क एल्युमिनियम इंडिया (Kanishk Aluminium) का आईपीओ 4 फरवरी 2026 को बीएसई एसएमई पर लिस्ट हुआ था. इश्यू प्राइस 73 रुपये था और कंपनी ने 29.20 करोड़ रुपये जुटाए. कंपनी एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रोडक्ट्स बनाती है. लिस्टिंग के बाद से ही गिरावट शुरू हुई और अब 42 फीसदी नीचे ट्रेड कर रहा है.
फिलहाल, एसएमई आईपीओ में रिस्क बहुत ज्यादा है. निवेश करने से पहले अच्छी रिसर्च करें, कंपनी के फंडामेंटल्स देखें और सिर्फ उतना पैसा लगाएं जिसपर आप रिस्क उठा सकते हैं.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.