भारत सरकार के डाक विभाग ने स्टॉक होल्डिंग सर्विसेज लिमिटेड (SSL) के साथ हाथ मिलाया है, जिससे अब आम नागरिक डाकघरों के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश कर सकेंगे. इस साझेदारी के तहत देशभर के डाकघरों में डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट खोलने, म्यूचुअल फंड और आईपीओ जैसी सेवाएं डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी. इसका मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित तरीके से पूंजी बाजार से जोड़ना और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना है.
संचार मंत्रालय के अनुसार, यह साझेदारी ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर की गई है. इसके जरिए डाक विभाग केवल चिट्ठियों और पार्सल तक सीमित न रहकर एक आधुनिक, नागरिक-केंद्रित वित्तीय सेवा केंद्र के रूप में उभरेगा. नागरिकों को अब निवेश के लिए भटकने की जरूरत नहीं होगी; वे अपने नजदीकी डाकघर में उपलब्ध क्यूआर कोड और डिजिटल लिंक के जरिए आसानी से डीमैट और ट्रेडिंग खाते खोल सकेंगे.
डाकघर में मिलने वाली नई वित्तीय सेवाएं
इस नए समझौते के बाद डाकघरों के जरिए नागरिक कई तरह की निवेश सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे:
- डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट: निवेशक सीधे एसएसएल की सेवाओं के जरिए अपना खाता खोलकर शेयर बाजार में ट्रेडिंग शुरू कर पाएंगे.
- म्यूचुअल फंड और आईपीओ: आम जनता अब डाकघर के प्लेटफॉर्म का उपयोग करके म्यूचुअल
- फंड में एसआईपी (SIP) कर सकेगी और नई कंपनियों के आईपीओ के लिए आवेदन भी कर पाएगी.
- अन्य निवेश उत्पाद: शेयर बाजार के अलावा अन्य सुरक्षित निवेश विकल्पों को भी डाकघर के डिजिटल ढांचे के साथ जोड़ा जाएगा.
वित्तीय साक्षरता और डिजिटल ऑनबोर्डिंग
यह साझेदारी सिर्फ सेवाएं देने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को निवेश के प्रति जागरूक भी बनाएगी:
- निवेशक शिक्षा कार्यक्रम: एसएसएल और डाक विभाग मिलकर देश भर में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित करेंगे, ताकि लोग सोच-समझकर निवेश करना सीखें.
- क्यूआर कोड और डिजिटल लिंक: डाकघर की दीवारों पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करके या आधिकारिक ऑनबोर्डिंग लिंक के जरिए बिना किसी कागजी झंझट के खाता खोला जा सकेगा.
- सुरक्षा और भरोसा: भारतीय डाक के भरोसेमंद नेटवर्क के साथ जुड़ने से नए निवेशकों को पूंजी बाजार में प्रवेश करते समय सुरक्षा का अहसास होगा.
क्या कहते हैं अधिकारी?
डाक विभाग की सचिव वंदिता कौल ने इस सहयोग पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पहल भारतीय डाक के डिजिटल बदलाव का एक शानदार उदाहरण है. उन्होंने बताया कि यह बड़े नेटवर्क के जरिए नागरिकों की सुरक्षित भागीदारी सुनिश्चित करेगा. वहीं, स्टॉक होल्डिंग सर्विसेज लिमिटेड के एमडी और सीईओ प्रभात कुमार दुबे ने कहा कि वे पूरे देश में पारदर्शी और रेगुलेटेड बाजार सेवाओं को पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.