Upcoming IPO : 27 जनवरी से शुरू हो रहे कारोबारी सप्ताह में आईपीओ मार्केट में खूब हलचल रहने वाली है. निवेशकों की नजरें इस दौरान आने वाले 5 नए आईपीओ (IPO) और बाजार में होने वाली 5 नई लिस्टिंग पर टिकी रहेंगी. भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ महीनों में भले ही खूब उतार-चढाव देखने को मिल रहा हो, लेकिन इसका असर प्राइमरीमार्केट पर नहीं हुआ है और कंपनियां धड़ाधड़ इश्यू ला रही हैं.
प्राइमरी मार्केट में इस बार मुख्य आकर्षण एसएमई (SME) सेगमेंट में रहने वाला है. इस सप्ताह कुल पांच नए एसएमई आईपीओ बाजार में दस्तक देंगे. इनके माध्यम से कंपनियां कुल 226 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाने का लक्ष्य रखा है. मेनबोर्ड सेगमेंट से इस सप्ताह कोई नया आईपीओ लॉन्च नहीं होगा.

27 जनवरी को कस्तूरी मेटल कंपोजिट का आईपीओ लॉन्च होगा. कंपनी स्टील फाइबर उत्पाद बनाती है. यह आईपीओ का प्राइस बैंड 61 से 64 रुपये प्रति शेयर के बीच तय किया है. इस पब्लिक इश्यू के माध्यम से कंपनी 27.52 लाख शेयर जारी कर बाजार से लगभग 17.6 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है.

28 जनवरी को बाजार में एक साथ तीन आईपीओ खुलेंगे. इनमें कनिष्क एल्युमिनियम इंडिया, एमसेफ इक्विपमेंट्स और एक्रेशन न्यूट्रावेदा जैसी कंपनियां शामिल हैं. इन तीनों कंपनियों के आईपीओ एक ही दिन खुलने से निवेशकों के पास अपनी पसंद और जोखिम क्षमता के अनुसार निवेश करने के विविध विकल्प उपलब्ध होंगे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कनिष्क एल्युमिनियम इंडिया के आईपीओ का प्राइस बैंड 73 रुपये प्रति शेयर है. कंपनी 40 लाख शेयरों के पब्लिक इश्यू के जरिए बाजार से 29.2 करोड़ रुपये हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. यह कंपनी बुनियादी ढांचे और विनिर्माण क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए इस पूंजी का उपयोग करेगी.

एमसेफ इक्विपमेंट्स भी 66.42 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ लाएगी. एल्युमिनियम स्कैफोल्डिंग निर्माण में विशेषज्ञता रखने वाली इस कंपनी ने 116 से 123 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. कंपनी इस इश्यू के तहत कुल 54 लाख शेयर जारी करेगी.

आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्युटिकल क्षेत्र की कंपनी एक्रेशन न्यूट्रावेदा ने भी बाजार से 24.8 करोड़ रुपये जुटाने के लिए अपना आईपीओ 28 जनवरी को लॉन्च करेगी. कंपनी ने 122 से 129 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है और इसके तहत 19.2 लाख शेयर जारी किए जाएंगे. स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के दौर में इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है.

30 जनवरी को सीकेके रिटेल मार्ट का 88 करोड़ रुपये का बड़ा पब्लिक इश्यू खुलेगा. यह कंपनी मुख्य रूप से कृषि जिंसों और कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स के वितरण का कार्य करती है. कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 155 से 163 रुपये प्रति शेयर तय किया है. यह इस सप्ताह के एसएमई सेगमेंट का सबसे बड़ा इश्यू है.

नए आईपीओ के साथ-साथ, पिछले सप्ताह खुले हन्ना जोसेफ हॉस्पिटल और शायोना इंजीनियरिंग के आईपीओ में भी पैसे लगाने का मौका निवेशकों को मिलेगा. ये दोनों ही आईपीओ 27 जनवरी को बंद हो जाएंगे. इन दोनों इश्यू को अब तक क्रमशः 55 प्रतिशत और 1.34 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है.

इस सप्ताह शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ 28 जनवरी को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा. यह सप्ताह की एकमात्र मेनबोर्ड लिस्टिंग है. 1,907 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था, लेकिन ग्रे मार्केट में फिलहाल कोई प्रीमियम नहीं दिख रहा है. इसके अतिरिक्त, डिजिलॉजिक सिस्टम्स और केआरएम आयुर्वेदा जैसी एसएमई कंपनियां भी बाजार में भी लिस्ट होंगी.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.