दिग्गज मेटल कंपनी वेदांता लिमिटेड (Vedanta Ltd) ने हिंदुस्तान जिंक (HZL) में अपनी 1.59% हिस्सेदारी बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह बिक्री ‘ऑफर फॉर सेल’ (OFS) के जरिए होगी. यह फैसला ऐसे समय आया है जब हिंदुस्तान जिंक ने दिसंबर तिमाही में ₹3,879 करोड़ का जबरदस्त मुनाफा कमाया है और पिछले 6 महीने में इसके शेयर ने 70% की तेजी दिखाई है.
वर्तमान में हिंदुस्तान जिंक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न को देखें तो प्रमोटर ग्रुप (वेदांता) के पास 61.84 प्रतिशत की बड़ी हिस्सेदारी है. वहीं, भारत सरकार इस कंपनी में 27.92 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरी सबसे बड़ी शेयरहोल्डर है. बाकी हिस्सा पब्लिक और संस्थागत निवेशकों के पास है. इस बिक्री के बाद भी कंपनी पर वेदांता का बहुमत नियंत्रण बना रहेगा, लेकिन बाजार में लिक्विडिटी बढ़ने की उम्मीद है.
तीसरी तिमाही के नतीजे
हिस्सेदारी बेचने की खबर के साथ ही कंपनी ने दिसंबर तिमाही (Q3) के बेहद मजबूत नतीजे पेश किए हैं. चांदी की कीमतों में आई तेजी और बेहतर परिचालन क्षमता के दम पर कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 47 प्रतिशत बढ़कर ₹3,879 करोड़ पहुंच गया है. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा ₹2,647 करोड़ था. कंपनी की अन्य आय (Other Income) में भी 33% की बढ़ोतरी हुई है, जिसने बॉटम लाइन को और मजबूती दी है.
EBITDA और मार्जिन का प्रदर्शन
वित्तीय मोर्चे पर कंपनी ने हर पैमाने पर बाजार के अनुमानों को पीछे छोड़ा है. दिसंबर तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 34.7 प्रतिशत बढ़कर ₹6,005 करोड़ रहा. सबसे ज्यादा ध्यान कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन ने खींचा है, जो 300 बेसिस प्वाइंट के सुधार के साथ 52% से बढ़कर 55% पर पहुंच गया है. यह सुधार कंपनी की लागत नियंत्रण और मेटल की ऊंची कीमतों का सीधा परिणाम है.
शेयर बाजार का हाल और रिटर्न
मंगलवार को बाजार बंद होने तक हिंदुस्तान जिंक का शेयर 3.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹726.60 पर बंद हुआ. निवेशकों के लिए यह स्टॉक पिछले कुछ महीनों में मल्टीबैगर साबित हुआ है. चांदी की वैश्विक कीमतों में उछाल के कारण पिछले 3 महीनों में इस शेयर ने 50% और पिछले 6 महीनों में करीब 70% का बंपर रिटर्न दिया है. फिलहाल कंपनी का कुल मार्केट कैप 3.07 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.
(Disclaimer: यहां बताए गया स्टॉक्स सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले एक्सपर्ट से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.