जोमैटो के शेयरों में आई इस तेजी का मुख्य ट्रिगर उसका क्विक कॉमर्स बिजनेस, ब्लिंकिट (Blinkit) रहा है. लंबे समय से घाटे में चल रहे इस वर्टिकल ने इस तिमाही में पहली बार ₹4 करोड़ का एडजस्टेड EBITDA प्रॉफिट दर्ज किया है. यह निवेशकों के लिए एक ‘मोड़’ (Turning Point) की तरह है, क्योंकि अब तक ब्लिंकिट को एटरनल के कैश बर्न का मुख्य कारण माना जाता रहा है.
आय और मुनाफा बढा
जोमैटो (एटरनल) का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ (Consolidated Net Profit) सालाना आधार पर 73 प्रतिशत बढ़कर ₹102 करोड़ हो गया है. वहीं, कुल आय ₹16,315 करोड़ रही, जो विश्लेषकों के अनुमानों से काफी बेहतर है. फूड डिलीवरी और हाइपरप्योर बिजनेस में भी निरंतर सुधार देखा गया है. EBITDA मार्जिन का 2.3 प्रतिशत तक पहुंचना यह दर्शाता है कि कंपनी अब केवल विस्तार पर नहीं, बल्कि लाभप्रदता (Profitability) पर भी मजबूती से ध्यान दे रही है.
बाजार को क्यों पसंद आए अलबिंदर ढिंढसा?
जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल अब एमडी और सीईओ के पद से हटेंगे और उनकी जगह ब्लिंकिट के सीईओ अलबिंदर ढिंढसा यह कमान संभालेंगे. आमतौर पर किसी कंपनी के संस्थापक का पद छोड़ना बाजार के लिए चिंता का विषय होता है, लेकिन एटरनल के मामले में प्रतिक्रिया बिल्कुल उल्ट रही. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अलबिंदर ढिंढसा का नेतृत्व कंपनी के भविष्य की ‘क्विक कॉमर्स’ रणनीति के लिए बिल्कुल सटीक है.
ब्रोकरेज फर्मों के अनुसार, एटरनल का भविष्य अब फूड डिलीवरी से ज्यादा क्विक कॉमर्स की सफलता पर टिका है, और ढिंढसा ने ब्लिंकिट को मुनाफे में लाकर अपनी कार्यक्षमता (Execution) साबित कर दी है. जेफरीज और एचएसबीसी जैसे दिग्गजों का कहना है कि यह बदलाव ‘प्रबंधनीय’ है और इससे कंपनी के ऑपरेशंस पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, बल्कि ग्रोथ को नई गति मिलेगी.
जोमैटो शेयर टारगेट प्राइस
तिमाही नतीजों और प्रबंधन में बदलाव के बाद वैश्विक और घरेलू ब्रोकरेज हाउस जोमैटो पर बुलिश नजर आ रहे हैं. CLSA ने अपनी ‘हाई-कन्विक्शन आउटपरफॉर्म’ रेटिंग को बरकरार रखते हुए ₹503 का टारगेट प्राइस दिया है. उनका तर्क है कि ब्लिंकिट के नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) में सालाना 121 प्रतिशत की छलांग यह दर्शाती है कि उपभोक्ता व्यवहार में बड़ा बदलाव आ रहा है. जेफरीज और नोमूरा ने भी ‘Buy’ रेटिंग को दोहराते हुए कहा है कि फूड डिलीवरी बिजनेस की स्थिर ग्रोथ और क्विक कॉमर्स में EBITDA ब्रेक-ईवन कंपनी के मूल्यांकन को नई दिशा देंगे.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.