Business Success Story: अगर आपको कहा जाए कि आपको कारोबार या सरकारी नौकरी में किसी एक को चुनना है, तो शायद आप सरकारी नौकरी के साथ ही जाएंगे, लेकिन यूपी की एक महिला ने सरकारी पुलिस की नौकरी छोड़ खुद के कारोबार को चुना और आज वह अपनी मेहनत के बलबूते इस कारोबार को फर्श से अर्श तक ले गईं.
झांसी की ऐसी ही एक कारोबारी महिला हैं हेमलता, जो बबीना ब्लॉक के सिमरावारी गांव की रहने वाली हैं. हेमलता ने कपड़ों का कारोबार कम पूंजी से शुरू किया. 4 साल की कड़ी मेहनत के बाद हेमलता ने अपने कपड़े के कारोबार को फर्श से अर्श तक पहुंचा दिया. बबीना ब्लॉक में हेमलता की दुकान में बिकने वाली साड़ियों के कलेक्शन और कपड़ों को खरीदने के लिए लोग दूर-दूर से लोग आते हैं. समूह में काम करने के बाद हेमलता ने कपड़ों के कारोबार में खुद को स्थापित करने से पहले सरकारी नौकरी के लिए भी अप्लाई किया था.
सरकारी नौकरी छोड़ शुरू किया कारोबार
1990 के दशक में हेमलता की नौकरी पुलिस विभाग में लग गई थी. हेमलता ने सरकारी नौकरी को छोड़कर अपने परिवार की देखरेख करने के साथ-साथ घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए खुद को कारोबार के क्षेत्र में उतारा. हेमलता ने हिम्मत नहीं हारी. पति के एक बार कहने पर हेमलता ने पुलिस की नौकरी छोड़कर कपड़ों का कारोबार खड़ा किया और इस कारोबार को सफल बनाने में लग गईं.
चार साल की कड़ी मेहनत के बाद अब हेमलता का कारोबार दो लाख रुपए से लेकर अब लाखों रुपए तक हो गया है. हेमलता का कपड़े का कारोबार लगातार बढ़ता ही जा रहा है. बबीना ब्लॉक से हेमलता ने कारोबार को शुरू किया था, अब कपड़े का कारोबार आसपास के जिलों तक भी फैल चुका है.
छोटी पूंजी से शुरू किया कारोबार
कारोबारी महिला हेमलता का कहना है कि साल 2019 में महज दो लाख रुपए की छोटी पूंजी लगाकर दिल्ली और सूरत से कपड़ों का कारोबार शुरू किया. शुरुआती दिनों में कपड़ों की खरीद को लेकर कभी दिल्ली तो कभी सूरत जाना पड़ता था. ग्रामीण परिवेश में रहने के बाद देश के दो बड़े राज्यों में जाकर कपड़ों की खरीदारी करना उनके लिए कहीं से भी आसान नहीं था.
कारोबारी महिला हेमलता की हौसले और हिम्मत की कहानी ये साबित कर रही है कि अगर महिलाओं के अंदर हिम्मत और हौसले की कमी नहीं है, तो महिलाएं किसी भी कारोबार को कम पूंजी और सीमित संसाधन होने के बावजूद आगे बढ़ा सकती हैं. हेमलता आज एक सफल कारोबारी ही नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए रोजगार की दिशा आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी प्रेरणा के तौर पर सामने आई हैं.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.