Stock Market : बजाज ग्रुप इस शेयर ने निवेशकों को एक साल में करीब 60 फीसदी का रिटर्न दिया है. आज भी इस शेयर में जोरदार तेजी आई है. कंपनी के तीसरी तिमाही के मजबूत नतीजों ने इस स्टॉक को पंख लगा दिए.
बजाज कंज्यूमर के शेयरों में आई इस तूफानी तेजी का सबसे बड़ा कारण कंपनी के तीसरी तिमाही (Q3 FY26) के अविश्वसनीय नतीजे हैं. 21 जनवरी को जारी वित्तीय परिणामों के अनुसार, कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ (Consolidated Net Profit) सालाना आधार पर 83.2% बढ़कर ₹46.37 करोड़ हो गया है. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह आंकड़ा मात्र ₹25.31 करोड़ था. मुनाफे में आई इस भारी बढ़त ने बाजार के जानकारों को भी चौंका दिया है.
आय और मार्जिन में जबरदस्त सुधार
सिर्फ मुनाफा ही नहीं, बल्कि कंपनी की ऑपरेशंस से होने वाली आय (Revenue) में भी 32.7% की वृद्धि देखी गई है, जो बढ़कर ₹306.08 करोड़ हो गई है. कंपनी का कामकाजी मुनाफा (EBITDA) तो दोगुने से भी ज्यादा होकर 109.5% उछल गया है. सबसे प्रभावशाली बात यह रही कि कंपनी का EBITDA मार्जिन 11.8% से सुधरकर 18.6% पर पहुंच गया, जो कंपनी की मजबूत कार्यक्षमता और लागत प्रबंधन को दर्शाता है.
बजाज आलमंड ड्रॉप्स का ‘वॉल्यूम’ गेम
कंपनी की सफलता के पीछे उसके फ्लैगशिप उत्पाद बजाज आलमंड ड्रॉप्स हेयर ऑयल (ADHO) का बड़ा हाथ है. इन्वेस्टर प्रेजेंटेशन के अनुसार, इस सेगमेंट में ‘डबल डिजिट’ वॉल्यूम ग्रोथ देखी गई है. पिछले 8 तिमाहियों में कंपनी का वॉल्यूम मार्केट शेयर अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है. इसके अलावा, बजाज कोकोनट पोर्टफोलियो ने भी हाई सिंगल डिजिट वैल्यू ग्रोथ हासिल की है, जिससे निवेशकों का भरोसा इस बजाज ग्रुप कंपनी पर और मजबूत हुआ है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.