Vaishali Sports News: पटना में आयोजित 6वीं रिपब्लिक कप ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में देशभर के 500 खिलाड़ियों के बीच वैशाली के जांबाजों ने ऐसा पंच मारा कि हर कोई देखता रह गया. 11 खिलाड़ियों के छोटे से दल ने कैसे जीते 11 पदक और क्यों कोच रूपाली कुमारी को मिला विशेष सम्मान? जानिए वैशाली के इन कराटे वीरों की पूरी कहानी.
प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य राज्यों से आए करीब 500 कराटेकारों ने शिरकत की. स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार से मान्यता प्राप्त इस चैंपियनशिप में वैशाली कराटे संघ की टीम सेंसेई रूपाली कुमारी (अध्यक्ष, कोच एवं टीम मैनेजर) के नेतृत्व में मैदान में उतरी थी. वैशाली के कुल 11 खिलाड़ियों ने इस महाकुंभ में भाग लिया और सभी ने पदक जीतने में सफलता पाई.
वैशाली कराटे संघ के महासचिव सह मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई रवि कुमार राय ने पदकों का विवरण देते हुए बताया कि जिले के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए. बालिका सब-जूनियर वर्ग में मानसी मांझी, कशिश रंजन और शैलजा सिंह ने अपनी तकनीक से विरोधियों को पछाड़कर गोल्ड मेडल जीता. वहीं बालक कैडेट वर्ग में हर्ष आनंद ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया. नमामि कश्यप, प्राची राज और अंशिका शर्मा ने सिल्वर मेडल हासिल किया. बालक वर्ग में अभिमन्यु कुमार, अंशुमन कुमार (सब-जूनियर) और तेजस्वी राज (जूनियर) ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की. बालिका कैडेट वर्ग में रौशनी सिंह ने जुझारू खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया.
एनुअल सम्मान समारोह और कमिटमेंट अवॉर्ड
प्रतियोगिता के दौरान ही वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए एनुअल सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस मौके पर स्टेट कराटे एसोसिएशन के महासचिव क्योशी पंकज कांबली, अध्यक्ष क्योशी अभय कुमार और कोषाध्यक्ष रेन्शी सूरज कुमार मौजूद रहे. उन्होंने वैशाली जिला कराटे प्रतिनिधि सेंसेई रूपाली कुमारी को उनके समर्पण और अनुशासित कार्यशैली के लिए कमिटमेंट टू टाइमलाइन अवॉर्ड से नवाजा.
उज्ज्वल भविष्य की कामना
विजेता खिलाड़ियों को बिहार के मुख्य कोच सेंसेई राम सिंह यादव, सेंसेई सावन कुमार और सेंसेई राजेश कुमार ने मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किए. खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अभिभावकों, खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है. जानकारों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से जिले में कराटे और मार्शल आर्ट्स के प्रति युवाओं का रुझान और बढ़ेगा.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.