New Expressway From Delhi : सरकार ने देशभर में हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाने के लिए कई सड़कों का निर्माण किया है. खासकर दिल्ली से आसपास के राज्यों में कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है. एमपी, यूपी, राजस्थान और उत्तराखंड तक सीधी कनेक्टिविटी के लिए कई नए एक्सप्रेसवे का निर्माण किया गया है.
दिल्ली से कनेक्ट होने वाले दो-दो एक्सप्रेसवे शुरू होने वाले हैं
दिल्ली से यूपी के लिए पहले से ही यमुना और आगरा एक्सप्रेसवे था, अब गंगा एक्सप्रसेवे भी तैयार हो चुका है. दिल्ली से मेरठ के रास्ते पूर्वी यूपी तक जाने वाले इस एक्सप्रेसवे के जरिये सीधे प्रयागराज तक पहुंचा जा सकता है. यूपी तक बनने वाला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे माना जाता है, जिस पर जल्द ही आवाजाही शुरू हो जाएगी. अभी दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा एक्सप्रेसवे के रास्ते सीधे लखनऊ तक कनेक्टिविटी है.
उत्तराखंड के लिए भी तैयार है रास्ता
यूपी से उत्तराखंड तक 212 किलोमीटर का एक नया एक्सप्रेसवे भी बनकर तैयार हो चुका है, जो एक ग्रीनफील्ड, एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर है. इसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) विकसित कर रही है. यह परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और इसका ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है. उम्मीद है कि होली के तुरंत बाद यह एक्सप्रेसवे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को समय पर एक बड़ा तोहफा मिलेगा. यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर खेकड़ा, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा. यह रास्ता न सिर्फ उत्तराखंड जाने वालों के लिए, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से के लिए भी गेम-चेंजर साबित होगा.
आसपास जाना भी होगा आसान
इस एक्सप्रेसवे के जरिये पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का बड़ा फायदा मिलेगा. एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक पहुंचने का समय काफी कम हो जाएगा. पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और नोएडा से आने-जाने वाले लोग लगभग 15 मिनट में बॉर्डर तक पहुंच सकेंगे. दक्षिणी दिल्ली के वाहन चालकों के लिए एक बेहतरीन ट्रैवल कॉरिडोर तैयार किया गया है, जिसमें वे निजामुद्दीन रूट से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पकड़ सकते हैं. फिर अक्षरधाम से होते हुए गीता कॉलोनी के रास्ते दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर जा सकते हैं.
एमपी-राजस्थान जाना भी आसान
देश की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेजी से काम चल रहा है. लगभग 1,350 किलोमीटर लंबा, 8-लेन वाला यह कॉरिडोर अपने अंतिम चरण में है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि गुजरात में वडोदरा और विरार के बीच कुछ निर्माण पैकेजों में देरी हो रही है. एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 12-13 घंटे रह जाएगा. इस एक्सप्रेसवे के जरिये मध्य प्रदेश और राजस्थान जाना भी आसान होगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.