Delhi Hotel Room Rate : दिल्ली में अगले सप्ताह एआई समिट होने वाली है, जिसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन सहित दुनियाभर के दिग्गज टेक लीडर्स आने वाले हैं. इस समिट से पहले ही दिल्ली के लग्जरी होटल्स में कमरों की बुकिंग फुल हो चुकी है. अभी ताज जैसे होटल में सुइट का किराया एक रात के लिए 32 लाख रुपये दिखा रहा है. कमोबेश यही हालत अन्य सभी 5 और 7 स्टार होटलों की भी है.
आईटीसी मौर्य जैसे महंगे होटल लगभग फुल हो चुके हैं.
यह सारा मामला जुड़ा है दिल्ली में होने वाले एआई ग्लोबल समिट से. इसमें हिस्सा लेने दुनियाभर के दिग्गज उद्योगपति और टेक कंपनियों के सीईओ आ रहे हैं. यह समिट एक सप्ताह बाद होने वाली है, लेकिन होटलों की बुकिंग अभी से आसमान पर जा चुकी है. यही वजह है कि दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटलों में कमरे का किराया 30 लाख रुपये प्रति रात से भी ज्यादा हो गया है. इस समिट में दुनिया के सबसे प्रभावशाली टेक लीडर्स जैसे सुंदर पिचाई और सैम ऑल्टमैन भी शामिल होने वाले हैं.
किस होटल का सबसे महंगा किराया
आईएचसीएल के ताज पैलेस, नई दिल्ली में गार्डन लग्जरी सुइट जिसमें किंग बेड और पूल व्यू है, एआई समिट के दौरान 27.55 लाख रुपये प्रति रात में उपलब्ध है. इसमें करीब 5 लाख रुपये टैक्स जोड़ने के बाद कुल बिल लगभग 32 लाख रुपये हो जाता है. यह किराया 16 से 20 फरवरी के बीच रखा गया है. इससे ठीक पहले यानी 13-14 फरवरी को यही कमरा टैक्स सहित करीब 2 लाख रुपये प्रति रात में मिल रहा है. समिट के दौरान किराए वैलेंटाइन डे के पीक से करीब 1,500 फीसदी ज्यादा हैं.
पहले ही बुक हो चुके हैं कमरे
ताज पैलेस नई दिल्ली की वेबसाइट के अनुसार, 16-17 फरवरी के लिए ज्यादातर लग्जरी कैटेगरी के कमरे पहले ही बिक चुके हैं. कई रूम टाइप्स जैसे सुपीरियर और लग्जरी रूम्स जिनसे डिप्लोमैटिक एन्क्लेव का व्यू मिलता है, साथ ही गार्डन प्रेसिडेंशियल टू-बेडरूम सुइट और प्रेसिडेंशियल सुइट विद पूल व्यू, फिलहाल उपलब्ध ही नहीं हैं. वेबसाइट पर मैसेज आ रहा है कि चुने गए सर्च क्राइटेरिया के अनुसार कोई कमरा उपलब्ध नहीं है.
लीला पैलेस भी लाखों में पहुंचा
नई दिल्ली के लीला पैलेस में महाराजा सुइट रूम्स का किराया 16 फरवरी को चेक-इन के लिए नॉन मेंबर्स के लिए 6.9 लाख रुपये और मेंबर्स के लिए 5.9 लाख रुपये है. वहीं, द ओबेरॉय नई दिल्ली में लग्जरी सुइट्स 5.5 लाख रुपये में उपलब्ध हैं. इसी तरह, हयात के अंदाज दिल्ली जैसे अन्य होटलों में सिग्नेचर सुइट की कीमत 3.86 लाख रुपये तक पहुंच गई है. आईबिस और आईबिस स्टाइल्स इंडिया के कमर्शियल हेड, अनीमेश कुमार का कहना है कि समिट के दौरान कमरे के किराए जनवरी और फरवरी के पहले हफ्ते की तुलना में 2-3 गुना ज्यादा हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.