Adani Group Investment : अडानी समूह ने ऐलान किया है कि वह आने वाले कुछ वर्षों के भीतर देश में 9 लाख करोड़ रुपये का निवेश एआई डाटा सेंटर में करेगा. समूह के मुखिया गौतम अडानी का कहना है कि उनका समूह देशभर में परिसर बनाने के लिए अन्य इच्छुक कंपनियों से भी संपर्क कर रहा है. एआई समिट के बीच समूह का यह ऐलान आने वाले समय में एआई डाटा सेंटर के क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसला साबित होगा.
अडानी समूह ने एआई डाटा सेंटर में 9 लाख करोड़ के निवेश का ऐलान किया है.
समूह की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने बताया कि इस पहल से ‘सर्वर’ निर्माण, ‘क्लाउड’ मंच और सहायक उद्योगों में अतिरिक्त 150 अरब डॉलर यानी करीब 14.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश होने की उम्मीद है. इससे भारत में 250 अरब डॉलर का अनुमानित एआई अवसंरचना परिवेश तैयार होगा. अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा कि दुनिया एक ऐसी बुद्धिमत्ता क्रांति में प्रवेश कर रही है जो पिछली किसी भी औद्योगिक क्रांति से कहीं अधिक शक्तिशाली है. ऊर्जा और कंप्यूटर के बीच सामंजस्य स्थापित करने में निपुण राष्ट्र ही आने वाले दशक को आकार देंगे.
भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा
उन्होंने कहा कि भारत नेतृत्व करने के लिए अद्वितीय स्थिति में है. अडानी समूह में हम डेटा केंद्रों और हरित ऊर्जा में अपनी मजबूत नींव पर काम करते हुए भारत की प्रौद्योगिकी संप्रभुता पर केंद्रित 5 स्तरीय एआई ढांचे में विस्तार कर रहे हैं. एआई युग में भारत केवल उपभोक्ता नहीं रहेगा. हम बुद्धिमत्ता के विनिर्माता, विकासकर्ता और निर्यातक होंगे और हमें उस भविष्य में भागीदार होने पर गर्व है.
अडानी समूह बढ़ा रहा क्षमता
यह लक्ष्य अदाणीकॉनेक्स के दो गीगावाट राष्ट्रीय डेटा सेंटर मंच पर आधारित है, जिसका लक्ष्य 5 गीगावाट तक पहुंचना है. डेटा सेंटर क्षमता में दोगुने से अधिक की वृद्धि विशाखापत्तनम में देश का सबसे बड़ा गीगावाट-स्तरीय एआई डेटा सेंटर परिसर स्थापित करने के लिए गूगल के साथ और हैदराबाद तथा पुणे में इसी तरह की सुविधाएं स्थापित करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ हाल ही में हुए समझौतों पर आधारित है.
देश में कई परिसर बनाएगा समूह
अडानी समूह ने बताया कि वह समूचे भारत में बड़े पैमाने पर परिसर स्थापित करने को इच्छुक अन्य प्रमुख कंपनियों के साथ बातचीत कर रहा है. अडानी समूह उच्च-प्रदर्शन वाले एआई ‘वर्कलोड’ और अगली पीढ़ी के डिजिटल कॉमर्स को समर्थन देने के लिए दूसरा एआई डेटा सेंटर विकसित करने के लिए फ्लिपकार्ट के साथ सहयोग को भी बढ़ा रहा है. दिल्ली में चल रहे एआई समिट के बीच समूह का यह ऐलान आने वाले समय में डाटा सेंटर के सेक्टर में ऐतिहासिक कदम साबित होगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.