यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने नया आधार ऐप लॉन्च किया है. इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) ने बुधवार को बताया कि इस ऐप का इस्तेमाल डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट के तहत एज वेरिफिकेशन के लिए किया जा सकता है, बिना कोई एडिशनल डेटा शेयर किए. ऐप लॉन्च के मौके पर कृष्णन ने कहा कि सरकार ने Swik Rules या Aadhaar Authentication for Good Governance (Social Welfare, Innovation, Knowledge) Rules, 2020 में संशोधन किया है ताकि निजी संस्थाएं सुरक्षित तरीके से आधार ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करके सर्विस प्रदान कर सकें.
एज वेरिफिकेशन हुआ आसान
कृष्णन ने कहा, “हम अक्सर DPDP एक्ट के दायरे में एज वेरिफिकेशन और इसे कैसे किया जाएगा, इस पर चर्चा करते हैं. मुझे लगता है कि आधार ऐप के साथ अब ऐसा तरीका मौजूद है जिससे एज वेरिफिकेशन आसानी से किया जा सकता है बिना डेटा को ओवरशेयर किए.”
एज वेरिफिकेशन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स जैसे सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेम्स और ई-कॉमर्स को यूजर्स की उम्र जांचने में मदद करेगा और बच्चों के लिए अनुपयुक्त कंटेंट या प्रोडक्ट्स तक उनकी एक्सेस को कम करेगा.
UIDAI ने बताया कि नया ऐप मोबाइल फोन के ऐप स्टोर्स से डाउनलोड किया जा सकता है. यह ऐप लोगों और संस्थाओं जैसे होटलों, सिनेमाघरों और ऑनलाइन कंपनियों को किसी व्यक्ति की डिजिटल रूप से पहचान वेरिफाई करने में सक्षम करेगा. इस ऐप का मकसद आधार की कागजी प्रतियों के उपयोग को रोकना है, जो आमतौर पर कई संस्थाओं जैसे होटल और सरकारी ऑफिस में आईडेटिफिकेशन वेरिफिकेशन के लिए इस्तेमाल होती हैं.
आधार में फोन नंबर घर बैठे करें अपडेट
UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने कहा कि ऐप से पता और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी. ऐप डिजिटल वेरिफिकेशन की सुविधा भी देगा और आवश्यक जानकारी शेयर करेगा. अब मोबाइल नंबर अपडेट आधार ऐप पर बिना किसी सेंटर जाए किया जा सकता है. पता अपडेट की सुविधा पहले से थी, अब इसे भी इसमें शामिल किया गया है.
एक ऐप में ऐड कर सकते हैं 5 प्रोफाइल
नए ऐप में कॉन्टैक्ट कार्ड की सुविधा भी है, जिससे यूजर्स कागजी कार्ड की बजाय अपने संपर्क साझा कर सकते हैं. एक आधार धारक ऐप पर अपने बच्चों या माता-पिता जैसी मैक्सिमम 5 प्रोफाइल जोड़ सकता है, ताकि एयरपोर्ट, सिनेमाघर या इवेंट्स में बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की डिजिटल प्रमाणीकरण की सुविधा मिल सके.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.