Air India : टाटा समूह ने जब से एयर इंडिया को खरीदा है, उसमें बदलाव जारी है. कंपनी के सीईओ का कहना है कि अब हम बदलाव के अंतिम चरण में हैं और जल्द ही यह काम पूरा हो जाएगा. इसके बाद यात्रियों को और भी ज्यादा सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी. सीईओ ने कहा कि हादसे के बाद से इस बदलाव को और तेज कर दिया जाएगा. पाकिस्तान का एयर स्पेस बंद होने के बाद विमानों को घूमकर जाना पड़ता है, जिसकी वजह से कंपनी का खर्चा भी बढ़ गया है और इससे कंपनी के मुनाफे पर भी असर पड़ रहा है.
एयर इंडिया में लगातार बदलाव चल रहा है.
विल्सन ने बताया कि हम शायद टेस्ट क्रिकेट मुकाबले के पांचवें दिन की सुबह में हैं. बहुत सारे विमानों को अभी भी व्यापक मरम्मत की प्रक्रिया से गुजरना है, लेकिन अब यह एक यांत्रिक प्रक्रिया बन गई है. डिजाइन, प्रमाणन और योजना का काम पूरा हो चुका है. जनवरी, 2022 में टाटा समूह के हाथों में सौंपी गई एयर इंडिया को पिछले चार वर्षों में लगातार प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है और तमाम कोशिशों के बावजूद अब भी घाटे में ही चल रही है.
कंपनी के पास अभी कितने विमान
एयरलाइन के बेड़े में इस समय करीब 190 विमान हैं और उनका नवीनीकरण किया जा रहा है. निजीकरण के बाद जनवरी में एयर इंडिया को पहला बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर मिला था. न्यूजीलैंड मूल के विल्सन ने कहा कि अब केवल सीटों के निर्माण, आपूर्ति और उन्हें लगाने का काम बाकी है, जिसमें समय लगेगा, लेकिन बड़ा काम पूरा हो चुका है. विल्सन ने कहा कि एयरलाइन को कई अप्रत्याशित चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. इनमें जून, 2025 में अहमदाबाद में हुआ बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर हादसा और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने से परिचालन लागत पर पड़ा असर शामिल है.
22 सेक्शन में पूरा किया जा रहा काम
उन्होंने बताया कि ‘विहान.एआई’ नामक पंचवर्षीय कायाकल्प योजना के तहत 22 तरह के अलग-अलग काम हैं, जिनमें से अधिकांश पूरे हो चुके हैं या अपने अंतिम चरण में हैं. विल्सन ने नवंबर, 2024 में इस कायाकल्प यात्रा को एक टेस्ट मैच बताते हुए कहा था कि एयरलाइन तब तीसरे दिन के लंच ब्रेक के आसपास है. लेकिन अब उनका मानना है कि एयरलाइन इस प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी है. जल्द ही बदलाव का सारा काम पूरा हो जाएगा और यात्रियों को कहीं बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
मुनाफे में कब आएगी कंपनी
मुनाफे के सवाल पर एयर इंडिया सीईओ ने कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव, विभिन्न देशों में राजनीतिक बदलाव, शुल्क और अमेरिकी वीजा पाबंदियों जैसे कारकों ने प्रदर्शन को प्रभावित किया है. ये सभी चीजें किसी भी एयरलाइन के प्रदर्शन को प्रभावित करती हैं. हमें इससे निपटते हुए आगे बढ़ना होगा. पिछले महीने खबर आई थी कि एयर इंडिया मुनाफे में आने के लिए एक संशोधित योजना पर काम कर रही है, जिसमें अभी तीन से चार साल और लग सकते हैं. इसके बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.