टेलीकॉम दिग्गज एयरटेल अब डिजिटल लेंडिंग कारोबार में बड़ा दांव लगाने जा रही है. कंपनी ने अपनी एनबीएफसी इकाई में 20,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की घोषणा की है. हाल ही में आरबीआई से लाइसेंस मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है. एयरटेल अब करोड़ों ग्राहकों को डिजिटल कर्ज देने के बाजार में तेजी से विस्तार करेगी.
एयरटेल की डिजिटल लेंडिंग में बड़ी छलांग की तैयारी. (Image:AI)
NBFC लाइसेंस के बाद 20,000 करोड़ की पूंजी योजना
भारती एयरटेल ने 23 फरवरी को घोषणा की कि वह अपनी सहायक कंपनी एयरटेल मनी लिमिटेड में अगले कुछ साल में 20,000 करोड़ रुपये डालेगी. इस रकम का 70 फीसदी हिस्सा एयरटेल देगी, जबकि 30 फीसदी प्रमोटर ग्रुप भारती इंटरप्राइजेज लिमिटेड की ओर से आएगा. यह घोषणा ऐसे समय आई है जब कंपनी को हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक से एनबीएफसी लाइसेंस मिला है. इससे एयरटेल को औपचारिक रूप से बड़े स्तर पर डिजिटल लेंडिंग कारोबार बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है.
पहले से 9,000 करोड़ के लोन, अब होगी स्केल की तैयारी
कंपनी का कहना है कि उसकी लेंडिंग सर्विस प्रोवाइडर (LSP) प्लेटफॉर्म ने पिछले दो वर्षों में 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन वितरित किए हैं. 500 से अधिक डेटा साइंटिस्ट की टीम और एडवांस एनालिटिक्स सिस्टम के जरिए जोखिम प्रबंधन और अंडरराइटिंग की मजबूत व्यवस्था बनाई गई है. एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि तकनीक, डेटा और ग्राहकों के भरोसे के बल पर कंपनी ने डिजिटल क्रेडिट में मजबूत नींव तैयार की है. अब एनबीएफसी विस्तार से इस आधार को और मजबूत किया जाएगा.
डिजिटल ग्राहकों पर फोकस, क्रेडिट गैप भरने की कोशिश
भारत में औपचारिक क्रेडिट-टू-जीडीपी अनुपात करीब 53 फीसदी है, जिससे साफ है कि कर्ज बाजार में अभी काफी संभावनाएं बाकी हैं. एयरटेल अपनी विशाल ग्राहक संख्या और डिजिटल नेटवर्क का लाभ उठाकर उन उपभोक्ताओं तक कर्ज पहुंचाना चाहती है, जो अब तक बैंकिंग सेवाओं से पूरी तरह नहीं जुड़े हैं. कंपनी की योजना है कि एनबीएफसी के जरिए लोन वितरण को मौजूदा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, लेकिन दोनों की संचालन व्यवस्था अलग रहेगी. मजबूत टेलीकॉम कैश फ्लो और तकनीकी क्षमताओं के दम पर एयरटेल अब डिजिटल फाइनेंस में भी बड़ा नाम बनने की तैयारी में है.
About the Author
Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.