यूएस के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज टेक्सस में एक ऑयल रिफाइनिंग प्लांट लगाने जा रही है. इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन अगर ऐसा है भी तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है. इसकी वजह है रिलायंस की हैवी क्रूड को रिफाइन करने में महारथ. इसलिए जामनगर रिफाइनरी का नेल्सन इंडेक्स 21.5 है.
रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी दुनिया की सबसे कॉम्पलेक्स रिफाइनरी है.
विल्बर एल. नेल्सन इस इंडेक्स के जनक हैं. 1960-61 के दशक में ऑयल एंड गैस जर्नल में उनके कई लेख प्रकाशित हुए जिनके माध्यम से उन्होंने इस इंडेक्स को दुनिया के सामने रखा. इस इंडेक्स की वैल्यू 1 से शुरू होती है. कच्चा तेल रिफाइन करने की क्षमता के आधार पर यह वैल्यू बढ़ती जाती है. जिस रिफाइनरी की वैल्यू जितनी ज्यादा होगी वह उतनी कुशलता के साथ भारी तेल (लो ग्रेड गंदा तेल) रिफाइन कर पाएगी.
रिलायंस इंडस्ट्रीज ही क्यों
गुजरात के जामनगर में रिलायंस की रिफाइनरी दुनिया की सबसे जटिल रिफाइनरी है. हैवी क्रूड प्रोसेस करने में दुनिया की और कोई रिफाइनरी इसके सामने नहीं टिकती. यही कारण है कि इसका नेल्सन इंडेक्स 21.5 है जो दुनिया में सबसे ज्यादा है. अमेरिका के पास जो रिफाइनरीज हैं वे भी हैवी ऑयल को प्रोसेस कर सकती हैं लेकिन उनका एवरेज नेल्सन इंडेक्स 9 है. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि रिलायंस क्यों हैवी क्रूड को रिफाइन करने में महारथी है. यही कारण है कि ट्रंप ने टेक्सस के ब्राउन्सविल में रिफाइनरी लगाने के लिए रिलायंस से मदद मांगी.
जटिलता से क्या मतलब है?
इसे उदाहरण के माध्यम से समझते हैं. मान लीजिए कि दो रसोइये हैं. एक सिर्फ उबले हुए चावल बना सकता है, जबकि दूसरा खराब क्वालिटी के अनाज से भी बिरयानी, पुलाव और खीर बना सकता है. दूसरा रसोइया ज्यादा ‘कॉम्प्लेक्स’ (जटिल) है. इसी तरह जो रिफाइनरी सिर्फ कच्चे तेल को उबालकर अलग करती है उसका नेल्सन इंडेक्स 1 या उसके आसपास होता है. खराब व गंदे तेल को रिफाइनर करने में बहुत सारी मशीनें लगती हैं और यह बेहद जटिल प्रक्रिया बन जाती है.
क्या अमेरिका का क्रूड हैवी है?
अमेरिका में वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड निकलता है. यह लाइट-मीडियम ग्रेड का क्रूड है. यानी इसे प्रोसेस करने के लिए बहुत जटिल रिफाइनरी नहीं चाहिए. तो फिर अमेरिका क्यों टेक्सस में हैवी क्रूड को रिफाइन करने के लिए प्लांट लगा रहा है? दरअसल, वेनेजुएला में जो कच्चा तेल मिलता है वह बहुत हैवी होता है. उसे प्रोसेस करने के लिए इस रिफाइनरी की जरूरत होगी. इसलिए इस प्लांट को टेक्सस में लगाया जा रहा है जहां से समुद्र के रास्ते वेनेजुएला पहुंचना बहुत आसान है.
(Disclaimer: यहां बताए गया स्टॉक्स सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले एक्सपर्ट से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.