दिल्ली में शुक्रवार को सोने की कीमत 1,500 रुपये बढ़कर 1,58,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं. कारोबारियों ने बताया कि 99.9 फीसदी प्योरिटी वाला सोना इससे पिछले सेशन में 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. बुधवार को इसने 1,59,700 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई छुआ था.
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में जिंस के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि शुक्रवार को सोने की कीमतों ने एक नया रिकॉर्ड बनाया और लगातार जियो-पॉलिटिकल रिस्क, अमेरिकी डॉलर में कमजोर रुख और मजबूत निवेश मांग के कारण मार्च 2020 के बाद से इस कीमती धातु ने अपना सबसे मजबूत साप्ताहिक प्रदर्शन दर्ज किया.
चांदी की कीमतें 3 फीसदी उछली
सोने की तेजी के बाद चांदी की कीमतों में भी 9,500 रुपये यानी लगभग तीन फीसदी का जोरदार उछाल आया और यह पिछले बंद भाव 3,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 3,29,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई. चांदी ने बुधवार को स्थानीय सर्राफा बाजार में 3,34,300 रुपये प्रति किलोग्राम का रिकॉर्ड बनाया था.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना और चांदी दोनों नई ऊंचाई पर
इंटरनेशनल मार्केट में सोना और चांदी दोनों नई ऊंचाई पर पहुंच गए. हाजिर बाजार में सोना 4,900 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया और चांदी पहली बार 99 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई. फॉरेक्स डॉट कॉम के अनुसार सोना 30.73 डॉलर या 0.62 फीसदी बढ़कर 4,967.41 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.
ग्रीनलैंड को लेकर अनिश्चितता से तेजी को बढ़ावा
मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर बाजार में सोना 4,960 डॉलर प्रति औंस के आसपास उच्च स्तर पर कारोबार कर रहा है. इससे पहले इसने 4,967 डॉलर का नया रिकॉर्ड बनाया था क्योंकि ग्रीनलैंड को लेकर अनिश्चितता धातु की कीमतों को बढ़ावा दे रही है. हाजिर बाजार में चांदी ने भी रफ्तार पकड़ी और कारोबार के दौरान यह 99.78 डॉलर के रिकॉर्ड हाई को छूने के बाद 3.42 प्रतिशत यानी 3.29 डॉलर बढ़कर 99.46 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.