LPG Update : सरकार ने एक बार फिर दावा किया है कि देश के किसी भी हिस्से में एलपीजी या पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है. सरकार ने कहा कि महज 2 दिन में ही एलपीजी बुकिंग में 12 लाख की गिरावट आई है. 13 मार्च को यह करीब 89 लाख था, जो 15 मार्च को घटकर 77 लाख रहा गया है.
एलपीजी बुकिंग में लगातार गिरावट आ रही है.
सरकार ने पश्चिम एशिया की स्थिति के प्रभाव पर जारी दैनिक अपडेट में बताया कि ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग का हिस्सा बढ़कर लगभग 87 फीसदी हो गया है, जो पहले 84 फीसदी था. इसका श्रेय तेल विपणन कंपनियों द्वारा डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने और लोगों को एलपीजी डीलरशिप पर लंबी कतारों में खड़ा होकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने से रोकने वाले अभियान को दिया गया है. देश की सभी घरेलू रिफाइनरी पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं और पर्याप्त कच्चे तेल का भंडारण बनाए हुए हैं.
घरेलू मांग पूरी करने में दिक्कत नहीं
सरकार ने कहा कि देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है और घरेलू मांग पूरी करने के लिए इन ईंधनों का कोई आयात आवश्यक नहीं है. तेल विपणन कंपनियों ने ईंधन खुदरा बिक्री केंद्रों या एलपीजी वितरकों के पास भंडारण खत्म होने की कोई जानकारी नहीं दी है और पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की आपूर्ति नियमित रूप से बनाए रखी जा रही है. सरकार ने बताया कि एलपीजी बुकिंग में गिरावट आई है. शनिवार को लगभग 77 लाख बुकिंग दर्ज की गई, जबकि 13 मार्च, 2026 को यह संख्या 88.8 लाख थी.
उपभोक्ताओं के हित सबसे पहले
सरकार ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देना और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना जारी रहेगा, विशेषकर घरों और प्राथमिक क्षेत्रों जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों के लिए. बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों ने गैर-घरेलू एलपीजी के आवंटन के लिए निर्देश जारी किए हैं. राज्य सरकारें पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की जमाखोरी और काला बाजारी रोकने के लिए कड़ाई से निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं.
जमाखोरी और कालाबाजारी है चुनौती
सरकार ने बताया कि आंध्र प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और काला बाजारी रोकने के लिए छापेमारी भी जारी है. सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के अधिकारी भी एलपीजी वितरकों पर अचानक निरीक्षण कर आपूर्ति की सुचारुता सुनिश्चित कर रहे हैं. सरकार ने नागरिकों से कहा है कि वे घबराकर एलपीजी बुकिंग न करें, क्योंकि देशभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. प्राथमिक क्षेत्रों को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर राज्य सरकारों को प्राथमिक वितरण के लिए उपलब्ध कराए गए हैं और अब ये 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उपलब्ध हैं.
About the Author
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.