LPG Cylinder Booking : फोन पर एलपीजी सिलेंडर बुक न होने पर उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटर के दफ्तरों का रुख कर रहे हैं. ऐसा नहीं है कि कंपनियों ने बुकिंग बंद कर दी है. इसका कारण कॉल्स की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होने से सिस्टम का क्रैश हो जाना है.
एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी में भी ज्यादा समय लग रहा है.
इंडेन देशभर के 15 करोड़ से अधिक परिवारों को एलपीजी सेवा देता है. डीलरों को भेजे गए एक इंटरनल मैसेज में कंपनी ने बताया है कि उनके इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम (IVRS) और मिस्ड कॉल नंबरों पर ट्रैफिक सामान्य से 10 गुना ज्यादा है. अत्यधिक बोझ के कारण सिस्टम बार-बार रिस्पॉन्स देना बंद कर रहा है, जिससे ग्राहकों को ‘नंबर बिजी’ आने या कॉल कट जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
सप्लाई में 50% की कमी
फोन पर बुकिंग नहीं होने पर परेशान उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटर के दफ्तरों का रुख कर रहे हैं. बेंगलुरु के एक डिस्ट्रीब्यूटर के मुताबिक, समस्या सिर्फ बुकिंग तक सीमित नहीं है. वेंडर इनवॉइस मैनेजमेंट सिस्टम भी ठप पड़ा है. मांग में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पीछे से सिलेंडरों की सप्लाई में 50 प्रतिशत की की कमी हो गई है. उपभोक्ता अब गोदामों पर जाकर खुद सिलेंडर लाने को मजबूर हैं क्योंकि होम डिलीवरी में पहले के मुकाबले ज्यादा समय लग रहा है.
इस संकट से निपटने के लिए इंडेन ने अपने सिस्टम की क्षमता बढ़ाने पर काम शुरू कर दिया है. बुकिंग प्रक्रिया को तेज करने के लिए IVRS पर सुनाए जाने वाले ऑडियो प्रॉम्प्ट (निर्देशों) की संख्या कम कर दी गई है, ताकि ग्राहक कम समय में अपनी बुकिंग पूरी कर सके.
फोन पर 25 दिन से पहले ही बुकिंग
सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की रिफिल बुकिंग का वेटिंग पीरियड 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है. लेकिन टेलीकॉम नेटवर्क के स्तर पर ऐसी कोई तकनीकी पाबंदी नहीं लगाई गई है जो ग्राहकों को 25 दिन से पहले कॉल करने से रोक सके.
परिणामस्वरूप लाखों उपभोक्ता अनजाने में 25 दिन पूरे होने से पहले ही बुकिंग के लिए कॉल कर रहे हैं. चूंकि नेटवर्क लेवल पर कोई फिल्टर नहीं है, इसलिए हर कॉल IVRS और मिस्ड कॉल सिस्टम तक पहुंच रही है, जिससे सर्वर पर क्षमता से अधिक बोझ पड़ गया है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.