पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना फरवरी 2024 में शुरू हुई थी और अब तक देश के 26 लाख से अधिक परिवारों को इसका सीधा लाभ मिल चुका है. योजना के तहत 20 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए हैं और हजारों करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है. गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश इस योजना से सबसे अधिक लाभ पाने वाले राज्य रहे हैं. सब्सिडी के जरिए सोलर सिस्टम लगाना सस्ता हुआ है जिससे बिजली बिल कम करने में मदद मिल रही है और साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है.
राज्यों की बात करें तो इस योजना का सबसे अधिक लाभ गुजरात को मिला है. राज्य में अब तक 7,41,819 परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं. महाराष्ट्र 6,34,782 परिवारों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश में 3,29,847 परिवारों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का फायदा मिला है.
85,800 रुपये तक की सब्सिडी से सोलर हुआ सस्ता
योजना के तहत उपभोक्ताओं को 85,800 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है. इससे रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना आर्थिक रूप से काफी फायदेमंद हो गया है. खासकर मध्यम और कम आय वर्ग के परिवारों के लिए यह योजना बिजली खर्च घटाने में बड़ी राहत साबित हो रही है.
हर महीने 100 यूनिट तक बिजली उत्पादन संभव
एनर्जी एक्सपर्ट्स के मुताबिक एक किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट हर महीने औसतन करीब 100 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है. यह मात्रा एक सामान्य परिवार की महीने भर की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त मानी जाती है.
कार्बन उत्सर्जन में बड़ी कटौती का अनुमान
मंत्रालय के अनुसार, अगर इस योजना के तहत 1 करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जाते हैं तो करीब 1,000 बिलियन यूनिट नवीकरणीय बिजली का उत्पादन संभव होगा. इससे आरटीएस सिस्टम के 25 साल के जीवनकाल में लगभग 720 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आ सकती है.
कौन ले सकता है योजना का लाभ
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एक डिमांड बेस्ड स्कीम है. इसके तहत देश के सभी आवासीय उपभोक्ता, जिनके पास स्थानीय डिस्कॉम से जुड़ा ग्रिड कनेक्शन है, योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर आवेदन कर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.