देश की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर आइनॉक्स ने प्रीमियम स्नैकिंग ब्रांड 4700BC (Zea Maize) में अपनी पूरी हिस्सेदारी एफएमसीजी दिग्गज मारिको को बेच दी है. यह सौदा 226.8 करोड़ रुपये में हुआ है. 2015 में महज 5 करोड़ रुपये के निवेश से शुरू हुआ यह सफर पीवीआर के लिए बेहद मुनाफे वाला रहा है, जहां कंपनी ने अपने नॉन-कोर एसेट को बेचकर भारी मुनाफा कमाया है.
पिछले 10 वर्षों में इस ब्रांड ने नीश गॉरमेट पॉपकॉर्न से लेकर एक राष्ट्रीय स्तर के प्रीमियम स्नैकिंग ब्रांड तक का सफर तय किया है. वित्त वर्ष 2024-25 में 4700BC ने 35 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि दर्ज करते हुए 102 करोड़ रुपये की बिक्री का आंकड़ा पार किया है.
मुनाफे की शानदार डील
पीवीआर आइनॉक्स के प्रबंध निदेशक अजय बिजली ने इस सौदे पर खुशी जताते हुए कहा, “हमने बहुत शुरुआती चरण में 4700BC की क्षमता को पहचाना था. अब जब ब्रांड बड़े स्तर पर विस्तार के लिए तैयार है, तो मारिको जैसे अनुभवी एफएमसीजी लीडर के हाथों में इसका भविष्य सुरक्षित है. पीवीआर के लिए यह अपने गैर-प्रमुख संपत्तियों (Non-core assets) से पैसा निकालने का एक सही समय था.”
स्नैकिंग मार्केट में मारिको की पकड़
मारिको के एमडी और सीईओ सौगत गुप्ता के अनुसार, यह निवेश भविष्य के लिए तैयार ब्रांडों के माध्यम से तेजी से बढ़ते खाद्य श्रेणियों में भाग लेने की मैरिको की महत्वाकांक्षा के अनुरूप है. मैरिको अब अपने विशाल वितरण नेटवर्क का लाभ उठाकर 4700BC को जनरल ट्रेड और मॉडर्न रिटेल तक ले जाएगी.
भारत का बढ़ता स्नैकिंग बाजार
भारतीय स्नैकिंग बाजार वित्त वर्ष 2023 में 45,000 करोड़ रुपये का था, जिसके वित्त वर्ष 2030 तक लगभग दोगुना होकर 85,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान है. इसमें भी प्रीमियम स्नैकिंग कैटेगरी 20 प्रतिशत की सालाना दर (CAGR) से बढ़ रही है. 4700BC इसी बढ़ते बाजार का एक बड़ा हिस्सा हासिल करने का लक्ष्य बना रहा है.
विस्तार की योजनाएं
वित्त वर्ष 2025 में पीवीआर आइनॉक्स ने Zea Maize में 44.7 करोड़ रुपये का निवेश किया था ताकि उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके और सेल्स व मार्केटिंग के लिए बड़े टैलेंट को जोड़ा जा सके. अब मैरिको के साथ जुड़ने के बाद यह ब्रांड गॉरमेट पॉपकॉर्न के अलावा अन्य स्नैकिंग श्रेणियों में भी तेजी से विस्तार करेगा.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.